त्यागपत्र
जैनेन्द्र कुमार द्वारा रचित त्यागपत्र बुआ और भतीजे की कहानी है। मृणाल का पालन पोषण उसके बड़े भाई करते हैं जो प्रमोद के पिता हैं। बचपन से ही दोनों बुआ और भतीजे में असीम प्रेम होता है।
•
कहानी की भूमिका :
त्यागपत्र के द्वारा लेखक मानव जीवन के संघर्ष को दर्शाता है और स्त्रियों को किस किस परिस्थितियों में अपना जीवन व्यापन करना पड़ता है उसका एक अनूठा और अंत: करण को छलनी कर देने वाला दृश्य पाठकों के सामने प्रस्तुत करता है। बहुत संक्षिप्त में कहूँ तो मृणाल छोटी सी अवस्था में अपनी सहेली ( शिला ) के भाई से प्रेम कर बैठती है। एक चंचल लड़की जो हँसमुख होती है उसकी हँसी गुम जाने की दास्ताँ है त्यागपत्र। बड़े भाई की पत्नी को शायद इसका अंदेशा हो जाता है और नतीजा निकलता है चट मगनी बट ब्याह। मगर कभी मृणाल का मन नहीं लगा और उनकी हालत ख़राब रहने लगी। मृणाल ससुराल छोड़ मायके आ गईं। यहाँ की परिस्थिति भी ऐसी थी कि जल्द से जल्द मृणाल को उसके बड़े भाई सामाजिक दबाव के कारण ससुराल जाने के लिए मनाने लगे। मृणाल का भाग्य देखिए एक तो अव्वल की सुंदर ऊपर से ससुराल में सबसे बड़ी सजा मिली जब पतिव्रता धर्म के पहले नियम का पालन करने की ठानी उन्होंने - इनाम था घर निकाला।
•
1-कितना दुर्लभ कार्य है किसी पति के लिए ये सुनना कि मेरी भार्या विवाह से पहले किसी और से प्रेम करती थी। इतना छोटा दिल और इतनी छोटी सोच के मर्द इतने आगे निकल गए हैं कि समाज उन्हें पलकों पर बैठा रहा है और उनके संकुचित मन को महान और मर्यादित बताने की भूल कर रहा है। जब तक लड़की सुंदर है उसके तन के लाखों ख़रीदार हैं और ऐसा ही एक व्यक्ति उसे मिलता है जो अपनी पत्नी को छोड़ कर उसके साथ कोयले के बाज़ार में कुछ समय के लिए उसे पालता है या यूँ कह लीजिये हर रात उसके ज़िस्म को चख कर अपनी प्यास तृप्त करता है। पराया धन ज्यादा देर तक नहीं रुकता वो अपने घर अपने बच्चों के पास लौट जाता है। मृणाल का सहारा कौन बने बड़े भाई ने सुध नहीं ली, भाभी को चिढ़ है उससे, मृणाल से इतना प्यार है प्रमोद का कि मृणाल उसे अपने पास नहीं आने देती। अंततः समाज के सबसे निचले तपके के लोगों में वैश्याओं के मध्य मृणाल अपना जीवन व्यतीत करती है और दम तोड़ देती है।
•
उपन्यास को क्यों पढ़ें -:
1- इस पूरी कहानी में जिस तरह से समाज के हर परत को टटोलने और उसका नंगा सच रखने का काम किया है लेखक ने वो सराहनीय है। जब मृणाल ये कहती हैं अपने आख़िरी पत्र में तो आँखों में ख़ून उतर आता है और मन करता है इस समाज की धज्जियाँ उड़ा दी जाएँ। मृणाल लिखती हैं " यहाँ का लाभ- तुम पूछोगे। लाभ बहुत है। यहाँ किसी को ये कहने का लोभ नहीं है कि मैं सच्चरित्र हूँ। यहाँ सच्चरित्रता के अर्थ में मानव का मूल्य नहीं जाना जाता। दुर्जनता ही मानो क़ीमती है" और जिसे समाज का जूठन कहते हैं उनके उस जगह के बारे में आगे लिखती हैं मृणाल " यहाँ छल असंभव है। बर्बरता को लाज का आवरण नहीं चाहिए। मनुष्य यहाँ खुल कर पशु हो सकता है। जो नहीं हो सकता उसकी मनुष्यता में बट्टा समझा जाता है। जो बाहर हो वही भीतर हो। भीतर पशु हो तो इस जल वायु में आकर बाहर की मनुष्यता एक क्षण नहीं ठहरेगी। मनुष्य हो तो भीतर तक मनुष्य होना होगा"। और हम कहते हैं दरबारों में सच बिका करता है।
सोचिएगा कभी ??
2- लोगों के प्रति ईमानदार रहना और जितना किसी ने आपके लिए किया है उसे उतना चुका देना। एक संदर्भ है कहानी में जब मृणाल आने भतीजे से कहतीं है कि भूख से मरना पड़े तो मैं मर जाऊँ, पर सोच विचार कर अपराध कैसे कर सकती हूँ। रूप के लोभ के कारण उस व्यक्ति ने मेरी सहायता की, मुझे मरने से बचाया अपने घर को बीवी बच्चे तक को छोड़ दिया तो क्या मेरा फ़र्ज़ नहीं बनता मैं उसके लिए उसके साथ रहूँ। स्त्री की व्यथा देखिए उसे मालूम है पुरुष पर रूप का शृंगार का नशा चढ़ा है और अगर वो उसकी सहायता नहीं लेगी तो वो ख़ुद को मार देगा या ख़ुद मृणाल को। यहाँ कृतज्ञता भी है और लाचारी भी। ऐसे अनेक बिंब मिलेंगे जहाँ आप रो देंगे और समाज और स्त्री के प्रति होने वाले दुर्व्यवहार को नज़दीक से देख पायेंगे।
3-आत्ममंथन - प्रमोद जो आज जज के कुर्सी पर विराजमान हैं किस परिस्थिति में त्यागपत्र देते हैं इस कहानी में इस पात्र का कितना अहम योगदान है। बचपन से लेके जज बनने तक के सफ़र में मृणाल ने किस तरह अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया लेकिन अपनी परछाई तक प्रमोद पर नहीं पड़ने दी ये उसकी महानता नहीं है तो क्या है ?
त्यागपत्र के आप 100 वजह निकाल सकते हैं या शायद 1000 पर क्या इस त्यागपत्र से मृणाल की ज़िंदगी वापस आ सकती है और क्या समाज में स्त्रियों को लड़कियों को अपने ढंग से जीने की आज़ादी मिल सकती है ?
•
त्यागपत्र की समीक्षा लिखते हुए समझ नहीं आ रहा है किसको महान बताऊँ प्रमोद को या मृणाल को। उस इंसान को जिसने रूप के लालच में मृणाल के साथ कुछ समय बिता कर उसे ज़िंदा रखा या समाज के उस जूठन को जिसके पास भले पैसा और सम्मान न हो परन्तु दिलों में असीम स्नेह और मानवता की कद्र होती है। त्यागपत्र उन रचनाओं में से है जो दिल में त्रिशूल खोप देती है और आप को अपनी हदों का आभास तो होता है पर हल नहीं मिलता। सामाजिक बंधनो में रहते हुए समाज के पिछले और निचले तपके के लोगों से प्रेम करना और उन्हें मानव समझना ही त्यागपत्र की कहानी का सार है।
•
प्रेमचंद के सेवादन जैसा आदर्शवादी अंत नहीं बल्कि खौफ़नाक दर्द भरा अंत हैं त्यागपत्र का। वहाँ मिया और बीवी मिलकर सेवासदन की शुरुवात करते हैं और यहाँ मृणाल अपनो से दूर दम तोड़ देती है। यहाँ प्रमोद उनके लिए उस तपके के लिए कुछ नहीं करता पर जज के पद से त्यागपत्र ज़रूर देता है। वहाँ सुधारवाद है यहाँ आत्मग्लानि।
©® तरुण पाण्डेय
© Zindagi Ek Kavita


Comments
Post a Comment