दीवार में एक खिड़की रहती थी
उपन्यास : दीवार में एक खिड़की रहती थी
रचनाकार : विनोद कुमार शुक्ल
उपन्यास की पृष्ठभूमि : ये उपन्यास एक नवविवाहित जोड़े के माध्यम से जीवन के असल सुख को दर्शाता है। इस उपन्यास को पढ़ते हुए सोनसी (पत्नी) और रघुवर प्रसाद ( पति ) के जीवन से लगाव होने लगता है। मन अनायास ही कमरे में एक ऐसी खिड़की की तलाश करने लग जाता है जिससे निकल कर हम भौतिक सुख से परे आध्यात्मिक सुख की तलाश करें।
ये कहानी नवदम्पति की है। बहुत सरल शब्दों में कहूँ तो कैसे वे दोनों मिल कर अपनी गृहस्थी चलाते हैं। एक दूसरे का साथ देते हैं। जब दो लोग साथ चलते हैं तो जीवन पथ पर नए नए अनुभव को बटोरते चलते हैं। उन्हीं अनुभव की दास्तां कह लीजिए " दीवार में एक खिड़की रहती है "
कहानी का सारांश - रघुवर प्रसाद एक महाविद्यालय में गणित के व्याख्याता ( लेक्चरर ) हैं। दोनों हाथों से लिखने में महारथ हासिल है और बहुत सादा जीवन व्यापन करते हैं। उनकी पत्नी ( सोनसी ) अपने पति से बहुत प्रेम करती है। अपने बड़ो का बहुत आदर और सत्कार करती है और जीवन पथ पर हमेशा अपने पति का साथ देती है। उनके कमरे में एक खिड़की है। खिड़की को फांद कर वे दूसरी दुनिया में चले जाते हैं जहाँ बाहें फैलाये तालाब, नदी, बंदर, वृक्ष, खग, चट्टान उनकी प्रतीक्षा करते हैं। वहाँ दोनों एकांत में समय बिताते हैं, बूढ़ी अम्मा से उनकी नज़दीकियां बढ़ती हैं और वे प्रेम भी करते हैं। रास्ते में ऑटो की जगह हाथी ले लेता है। साधू नाम का एक व्यक्ति हाथी पर बैठ रघुवर प्रसाद को महाविद्यालय छोड़ने लग जाता है। उस हाथी के प्रति लगाव भी बहुत ख़ूबसूरती से दर्शाया गया है। इस कहानी में विभागाध्यक्ष हैं जिन्हें प्रकृति से प्रेम तो है परंतु ये कहना ग़लत न होगा कि वो ताज़िर भी हैं। इतनी सी कहानी है इस उपन्यास की। कोई रोचक या कोई अप्रिय घटना नहीं है यहाँ, कोई किरदार ऐसा नहीं है जिसे खलनायक का दर्ज़ा दिया जा सके। लेकिन यही इस उपन्यास की सबसे रोचक और सुंदर बात भी है। भाषा में सरलता है और शिल्प ऐसा कि आप कहानी से कभी अलगाव महसूस नहीं करेंगे।
इस उपन्यास को क्यों पढ़ें
जब कोई कहानी ऐसी आ जाती है जो आप ख़ुद देखते हैं या देख सकते हैं तो मन में इस ख़्याल का आना अनिवार्य हो जाता है कि क्यों इस कहानी को पढ़ा जाये?
अपने विवेक अनुसार में जितना समझ पाया हूँ उसे कुछ बिन्दुओं में आप के सामने प्रस्तुत करता हूँ
१ - इस उपन्यास का मूल आधार है प्रेम, कहानी के शुरू से अंत तक प्रेम के अंकुरित होने से लेके प्रेम रूपी वृक्ष को फलते हुए देखना इस उपन्यास का सौंदर्य है। पति पत्नी का प्रेम, जानवरों से प्रेम, माँ बाप का बच्चों से प्रेम, अपने कर्त्तव्य से प्रेम, अकिंचन के लिए प्रेम, प्रकृति से प्रेम, किताबों से प्रेम। देखिए कितने तरह से प्रेम को जीवन का आधार मान कर हर परिस्थिति में जीवन व्यापन किया जा सकता है वो भी संतोष के साथ। इसका अनूठा उदाहरण है " दीवार में एक खिड़की रहती थी "
२- भाषा शैली - विनोद कुमार शुक्ल ने बता दिया कि संवाद कितने सरल और कितने सजीव तरीक़े से पेश किए जा सकते हैं। उन्होंने संवाद में भावनाओं का ऐसा अनूठा मिश्रण पेश किया जो इससे पहले कभी मैंने व्यक्तिगत दौर पर नहीं पढ़ा था। इसे समझने के लिए कुछ उदाहरण उपन्यास से पेश करना चाहूँगा
• “हाथी अचानक एक दिन नहीं जा सकता , वो जिस दिन जाएगा, रोज़ की तरह जाएगा" ।
शहर से अचानक ग़ायब होने के संदर्भ में साधू ओर रघुवर प्रसाद के मध्य इस वार्तालाप को परत दर परत देखने में पता लगता है कि कितनी इच्छायें, कितना लगाव और कैसी दुविधा है साधू के मन में कि सब कुछ एक बार में नहीं छोड़ा जा सकता है। शायद वो कहना चाह रहा है ज़िम्मेदारी के बोझ से नहीं भागा जा सकता है।
• प्रेम कीड़ा करते वक़्त जब रंगोली बिगड़ जाती है और "गुड़िया" ( एक छोटी बच्ची जो सदा खिड़की से झाँकती है और रघुवर प्रसाद को जानती है ) उनसे पूछती है कि ये रंगोली किसने बिगाड़ी उस समय सोनसी का बंदरों पर इल्ज़ाम लगाना और धीरे से रघुवर प्रसाद का कहना " हम फिर बिगाड़ देंगे " उनकी चंचलता की तरफ़ हमारा ध्यान केंद्रित करता है। वो अपनी पत्नी के साथ और समय बिताना चाहते हैं और उन्हें अपनी बाहों में कैद कर इस दुनिया से परे दूसरे दुनिया में ले जाना चाहते हैं।
३- इस उपन्यास में प्रेम की उतेजना, आलिंगन पाश की क्रिया, दो जिस्मों का मिलन इस ख़ूबसूरती से दर्शाया गया है कि उसकी सुंदरता भी बनी रहे और पढ़ने वालों के मध्य उपन्यास की गरिमा भी कायम रहे। उदाहरण :
• " कमरे के अन्दर के फूल की एक कली इतने एकान्त के एक क्षण को भी वे छोड़ना नहीं चाहते थे। उस बगीचे की सारी कलियों को चुन लेना चाहते थे कि सोनसी उनको गूंथे और वे सोनसी का शृंगार करें। रघुवर प्रसाद और सोनसी प्रेम का समय पा रहे थे। सोनसी एक-एक क्षणों को गूंथती और रघुवर प्रसाद सोनसी के थोड़े-थोड़े निर्वस्त्र शरीर को अलंकृत करते। सोनसी पूरी अलंकृत होकर निकली थी" ।
• "रघुवर प्रसाद ने सोनसी के कड़ों को देखा। उन्होंने दाहिने हाथ से सोनसी के बाएँ हाथ को पकड़ा। सोनसी ने हाथ छुड़ाने की कोशिश की। जिससे कड़ा काली चिकनी चट्टान में खड़-खड़ घिसाता गया" । आलिंगन के क्रिया को इस तरह सुंदर संकेत द्वारा लिखना लेखनी की परिपक्वता दर्शाता है।
४- गृहस्थी के जीवन से निकलते हुए कहानी को एक अलग मोड़ पर ले जाता हुआ तीसरा सबसे प्रमुख किरदार हाथी जो सबके मन में अपने लिए एक प्रेम भरी जगह अंकित करने में क़ामयाब रहता है। मानव का आपस में प्रेम दिखाते हुए सभी पात्रों का हाथी से लगाव और उसके प्रति चिंता देखने योग्य है। सोनसी का उसको रोटी खिलाना, साधू के अभाव में नवदम्पति का उसकी देख रेख करना, महाविद्यालय में छुट्टी की अर्जी देना और उसके लिए खाने का इंतेज़ाम करना जैसे अनेक प्रसंगो द्वारा ग्रामीण जीवन में लोगों का जीव जंतुओं से जो लगाव होता है उसे भी हमारे सामने प्रस्तुत बहुत ही रोचक तरीक़े से प्रस्तुत किया है लेखक ने। उदाहरण :
५- जीवन के अनेक छोटे छोटे महत्वपूर्ण बिन्दुओं का समावेश, भावनाओं का सैलाब, ज़िम्मेदारियों का अहसास, प्रेम की पराकाष्टा ही शायद इस उपन्यास का केंद्र है।
©® तरुण पाण्डेय

Comments
Post a Comment