एक वायलिन समंदर के किनारे



उपन्यास : एक वायलिन समंदर के किनारे
किरदार : रंभा , मदन , केशव , भगीरथ , कैरी , शोभा इत्यादि

उपन्यास की मुख्य भूमिका :

जब समय बदलता है तो समय के साथ बदलता है सिद्धांत। यह उपन्यास प्रेम और प्रतिशोध की दास्तां है। दो हज़ार वर्ष पूर्व एक वीणा वादक पुरुष केशव जो अजन्ता एलौरा की गुफाएँ में मूर्ति के रूप में स्थापित है उसे रँभा नाम की स्त्री से प्रेम हो जाता है। भगवान शिव जी से मदद की गुहार लगा वो एलोरा के केव से निकल मानव के रूप में जन्म लेता है और अपने जीवन के १ साल जो भगवान शिव उसे प्रदान करते हैं रँभा की तलाश में लगा देता है जो मूल रूप से मुम्बई की निवासी होती है। जब १ साल ख़त्म होने में १ दिन शेष बचा होता है तो वो अपने कार्य में सफ़ल हो जाता है और रंभा से उसकी मुलाक़ात हो जाती है। इस के बाद ३ साल तक वो पृथ्वी पर ही रहता है और रंभा को पाने का प्रयास करता रहता है। अंत में वो उसी रँभा का वध कर देता है, क्यो ? जानने के लिए उपन्यास पढें ।

क्यों पढ़ें :

1- रँभा को पाने तक के सफ़र में पाठकों को जीवन के हर पहलू से भेंट कराने का काम किया है " कृशन चंदर " ने। इस उपन्यास में स्त्री के मन के भाव को जब वो प्यार में हारती है जिस तरह से पेश किया गया है वो देखिए और उसे सराहिये। एक छोटा सा अंश उदहारण के रूप में प्रस्तुत करता हूँ । 

" जितना मानसिक कष्ट तुमने मुझे दिया , उतना ही शारीरिक कष्ट मैंने तुम्हें पहुँचाया  । जिस तरह तुमने मेरी आत्मा को दागदार करने का प्रयत्न किया, उसी तरह मैंने इन चित्रों में तुम्हारी आत्मा को भ्रष्ट कर दिया । मेरा ख़्याल है कि बदला लेने में संगीत काम नहीं आता , केवल चित्रकला काम आती है " । 

ये संवाद कैरी टॉमसन और केशव के मध्य हुआ जो होवार्ड से भारत संगीत की शोध करने आई थी और केशव के प्यार में पड़ गयी थी। केशव कैरी टॉमसन को रोड पर मूर्छित हाल में मिला था।

2 - जीवन में स्वार्थ से बड़ा साथी कोई नहीं होता। इंसान अपने स्वार्थ के लिए किसी को भी धोखा दे सकता है। इस उपन्यास के ज़रिए इस बात को बहुत अच्छे से कृशन चंदर ने हमारे सामने रखा है। "केशव" जो इस उपन्यास का सबसे मुख्य किरदार है अपने प्रेम के ख़ातिर "कैरी" और "शोभा" के प्रेम को दरकिनार कर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहता है। वहीं केशव को इस दुनिया के लोग भी अपने फ़ायदे के लिए भर भर कर इस्तेमाल करते रहते हैं। मनुष्यों में धन को संजय करने की जो अभिलाषा है उसे बहुत ही अच्छे तरीक़े से उकेरा है लेखक ने।  

3 - एक वीणा वादक क्यों और किस कारण वायलिन की और खिंचाव महसूस करता है? हर युग में सिद्धान्त अलग होते हैं। उसे समझना होगा। नियम बदलते हैं अच्छी और बुरी चीज़ों का समावेश होता है और सबसे महत्वपूर्ण बात ज़माने की अच्छाई और बुराई की विशिष्टता हर बार पहले से अलग होती है ।

पुस्तक में जो कथन केशव ने कहा है इस प्रकार से है :-

" मेरी कला में किसी चीज़ की कमी है " 

" नहीं , एक दर्द की , जो बाहर से आये और रूह को तड़पा जाए ; एक ख़्याल की , जो स्वयं अपने घेरे से बाहर निकले और किसी दूसरे का हो जाये "।

इसे पढ़ कर मुझे कहीं ना कहीं ऐसा लगा केशव को रँभा से प्रेम इस कारण भी हुआ क्योंकि उस प्रेम के ज़रिए वो ख़ुद को संगीत के और पास महसूस करता है। एक सुर जिसकी कमी उसे निरन्तर महसूस होती है अपने गायन में उसे धारण कर पाने का इक रास्ता नज़र आता है उसे। उसे ये भी पता लगा किस तरह लोगों को हमेशा नहीं परखना चाहिए और बशीर बद्र साहब का एक शेर मेरे ज़ेहन में आया कि "परखना मत, परखने में कोई अपना नहीं रहता किसी भी आईने में देर तक चेहरा नहीं रहता" ।

4- क्या कारण है मैं जल्दी किसी को पत्र नहीं लिखता? मैं हमेशा सोचता था कि पत्र सबको नहीं लिख सकते। तारीफ़ झूठी नहीं की जा सकती और हर वक़्त नहीं की जा सकती। "कृशन चंदर" के उपन्यास में ये पंक्तियाँ पढ़ कर लगा कितना अच्छा किया ख़ुद से झूठ नहीं बोला। पत्र लिखना आईना देखना है और आईना झूठ नहीं बोलता । 

" पत्र तो  व्यक्तिगत होता है , बड़ा गहरा और नाजुक ; और इस तरह के मामलों में तो बेहद फॉर्मल होते हुए भी बहुत व्यक्तिगत होता है । और वह अपने और मदन के व्यक्तित्व को आवश्कयता से अधिक घायल क्यों करे जबकि टेलीफोन मौजूद है ? टेलीफोन एक मशीन है , इसलिये काफी हद तक व्यक्तिगत नहीं है । पत्र में इंसान भावनाओं से कैसे अलग हो सकता है ? लिखते समय जैसे दिल का लहू बोलने लगता है । लेकिन ये टेलीफोन कितना कठोर और भावनाहीन सा होता है ! तुम टेलेफोन पर कुछ भी कह सकते हो - आँखें झुकाए बिना , मगर पत्र तो एक चेहरा है , एक आईना है । और रंभा इस समय आईना न देखना चाहती थी । इसलिये उसने टेलीफोन का चोंगा उठा लिया और मदन को टेलीफोन करने लगी । "

/  तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts