चतुरी चमार



चतुरी चमार सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जी की लिखी कहानी संग्रह है। इस पुस्तक में उनके द्वारा लिखी 8 छोटी छोटी कहानियाँ हैं जिसमें एक प्रमुख किरदार का अनुष्ठान करके उन्होंने समाज में हो रही दुश्वारियों को हमारे समक्ष रखा है। हर कहानी एक दूसरे से भिन्न हैं और अलग अलग मुद्दों पर लिखी गयी हैं। कटाक्ष का पूर्ण रुप से इस्तेमाल किया गया है। आपको हर कहानी से चलिए रूबरू कराता हूं ।

पहली कहानी : चतुरी चमार

यह कहानी दास्ताँ है चतुरी नाम के एक व्यक्ति की जो शोषण का शिकार हुआ है। वो जूते बना कर ख़ुद का घर चलाता है और उसको इस बात का दुःख है कि जिस ज़मीदार के कारण उसके जीवन का रस भंग हुआ उसके ही सिपाहियों को उसे हर साल एक जोड़ी जूता देना पड़ता है। कहानी में कई जगह दर्द का उल्लेख हुआ है और किरदार की विवशता आपके सामने प्रत्यक्ष रख दी गयी है। चतुरी कबीर पदावली का विशेषक है मगर अफ़सोस ज्ञान सुन कर अर्जित किया गया है और लिखना ना आने के कारण पढ़े लिखों में उसका शुमार ना होना खलता है। ये कहानी है उसे इंसाफ़ दिलाने की। जब निराला जी चतुरी का साथ देते हैं और जमीदारों को किसानों के खिलाफ डिग्री मिल जाने पर चतुरी के द्वारा मुक़दमे की बात पर हामी भरते हैं तब वो चाहते हैं गाँव के सब लोग एकजुट होकर आगे आये पर ऐसा होता नहीं है। अंत में कड़े संघर्ष के बाद चतुरी को न्याय मिलता है। कहानी के अंतर्गत बहुत से ऐसे बिंदु हैं जहाँ इंसान की दुर्बलता नज़र आती है। जब निराला जी के यहां अर्जुन ( चतुरी का बेटा ) को निराला जी का पुत्र परेशान कर रहा था और उसके उत्तर ना दे पाने पर उसे छेड़ रहा था वो दृश्य याद करिये। ये घटना बता रही थी कि किसी की कमज़ोरी पर हँसना उसे नीचा दिखाने का मौका कोई नहीं छोड़ता जिसका निराला जी ने भी विरोध किया और अपने बेटे को ससुराल वापस भेज दिया ।

दूसरी कहानी : सखी 

यह एक महिला प्रधान कहानी है जो जोत और लीला नाम के किरदार पर आधारित है। कहानी की शुरुवात तो हल्की हँसी मजाक से होती है जहाँ कुछ सहेलियां थिएटर जाने को तैयार हो रही होती हैं और जोत के घर जाती हैं उसे साथ ले जाने को। जोत ख़ुशी से प्रफुल्लित है क्योंकि उसकी शादी एक अफ़सर से होने को है। वो लीला को साथ ले जाने का आग्रह करती है जो पैसों की कमी के कारण दिन रात काम में लगी रहती है और लोगों को पढ़ाती है। लीला की विवशता देखिए उसे साईकल से जाने का मन होता सोचती है कि साईकल खरीद ले पर उसके मन में एक डर है कि अगर साईकल से गिर गयी ये समाज उसका मज़ाक बना देगा। अगर साड़ी या उसके वस्त्र उसमें उलझ गए तो उसके चरित्र को लोग उछाल देंगे। इस कारण वो एक लम्बा रास्ता तह करती है। उसके पीछे कुछ गुंडे भी पड़ जाते हैं जिसका वर्णन वो घर में नहीं कर सकती क्योंकि माँ जाने से ना इनकार कर दे इस बात का भय निंरतर बना रहता है। अंत में उसकी मुलाक़ात होती है उसके सपनो के राजा से जो जोत का होने वाला शौहर होता है। एक नज़र का प्यार और जोत उसे आग्रह करती है आप लीला को ख़ुश रखें। त्याग की कहानी है ये ऐसा लगता है अंत में। 

इसी तरह हर कहानी एक अलग ही मुद्दे को उठा आपके प्रत्यक्ष खड़ी है। 

तीसरी कहानी : न्याय

ये कहानी हमारे कानून व्यस्था पर एक जोरदार तंज है और आख़िरी में आपको पता लगता है कैसे इसकी मुख्य किरदार एक स्त्री है जो अपने प्रेमी को मुसीबत से निकाल लेती है। कहानी में जिसका ज़िक्र बस तीन बार ही हुआ हो वो कहानी की सबसे अहम किरदार है शायद ये कमाल है निराला जी की लेखनी का ।

चौथी कहानी : राजा साहब को ठेंगा दिखाया 

दर्द से लबालब भरी एक कहानी जहाँ राजा को आदत है अपने आसपास के लोभी लोगों से राय लेने की और एक ग़रीब ब्राह्मण की भाषा को ना सुन कर न समझ कर उसे मार खिलवाना जैसा शोषण करने की। उस ग़रीब की निर्बलता को समझने हेतु इस कहानी को ज़रूर पढ़ें।

पांचवी कहानी : देवी 

यह कहानी एक पगली की है जिसके पास अपने बेटे को देने के लिए स्तन से निकले दूध के सिवाय कुछ नहीं है। जो शायद नेपोलियन से भी ज्यादा साहसी है क्योंकि वो हर दिन दुनिया के दुःख दर्द को झेलती है और अपने बेटे को समझती है और उसके लिए लड़ती है। समाज में हर वो वर्ग जो अच्छा लिखता है, जिसमें विवेक है जब वहाँ उसके सामने से गुजरता है दिल को पत्थर में तब्दील कर देता है। निराला जी ने यह कहानी रचते समय हर उस इंसान के मुँह पर तमाचा मारा है जो बड़ी बड़ी बातें करता है, जो देश को बदलने की बात करता है ग़रीबी हटाने की बात करता है या समाज सुधारने की पर भूल जाता है समाज को बनाने वाले लोगों का दर्द और नज़रंदाज़ कर देता है आम लोगों के दुःख दर्द को। निराला जी कहते हैं ये पगली हमारी सच्ची दशा का चित्र है। "वो माँ अपने बच्चे को लेकर राह पर बैठी हुई धर्म , विज्ञान, राजनीति, समाज जिस विषय को भी मनुष्य होकर मनुष्यों ने आजतक अपनाया है , उसी की भिन्न रुचिवाले पथिक को शिक्षा दे रही है - पर कुछ कहकर नहीं"। ये व्यंग ऐसा है की आप लेखक लिखना भूल जाएं और कलम फेंक उठा ले हाथों में कुदाल अगर ज़रा सी भी सहानभूति हो ।

छठी कहानी : स्वामी सारदानन्दजी और मैं  

इस कहानी में स्वामी सारदानन्दजी जी के सामाजिक , व्यक्तित्व और आध्यात्मिक जीवन का परिचय होता है। महावीर प्रसाद द्विवेदी का उनके जीवन में क्या स्थान रहा वो भी उजागर करती है ये कहानी।

सातवीं कहानी : सफलता और आठवी कहानी : भक्त और भगवान भी सामाजिक मुद्दे पर प्रहार करती है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts