प्रीति कथा


नरेंद्र कोहली जी का लिक्खा उपन्यास प्रीति कथा विनीत ( साहित्यकार) और केतकी ( दार्शनिक ) नाम के पात्रों द्वारा "Theory of love" पर केंद्रित एक अनोखा उपन्यास है जिसमें एक साहित्यकार और एक दार्शनिक व्यक्ति प्रेम के अलग अलग पहलू पर चर्चा करते नज़र आते हैं ।
विनीत मूलतः जमशेदपुर का निवासी है जो आज दिल्ली विश्वविद्यालय में लेक्चरर है और लेखक के रूप में प्रसिद्धविख्यात हो रहा हैं।
•
बात शुरू होती है एक अंतर्राष्ट्रीय अनुवाद सम्मेलन से जहाँ विनीत अपनी पुरानी दोस्त केतकी पैटर्सन को देखने को बेताब हो उठता है और जानना चाहता है कि क्या वो उसकी पुरानी दोस्त केतकी सिन्हा ही है। वहाँ उससे मिलने के पूर्व केतकी और विनीत प्रेम के अलग अलग स्वरूपों के बारे में चर्चा करते हैं। विनीत नाम का किरदार अपने अंतर्मन से भी लगातार बातें करता नज़र आता है जिसे "विनीत शत्रु" के नाम से लेखक ने प्रस्तुत किया है। 
•
मेरा व्यक्तिगत अनुभव :

विनीत मुझे तुम्हारे जीवन चरित्र से प्रेम हो गया। तुममें जो संयम था, भावनाओं के वेग को संतुलित कर पाने की क्षमता और ख़ुद का ख़ुद को संभाल लेना क़ाबिले तारीफ़ है। 
•
कहानी :

बहुत सरल शब्दों में कहूँ तो केतकी और विनीत की बरसों बाद मुलाक़ात होती है। विनीत और केतकी एक दूसरे से मिलते हैं और केतकी जो "थ्योरी ऑफ लव" पर शोध कर रही होती हैं विनीत के जीवन में प्रेम के मायने क्या हैं इस विषय पर बात छेड़ देती हैं। यहीं से उपन्यास के नाम को सार्थकता प्राप्त होती है। विनीत अपने जीवन, अपने अतीत के पन्नों को केतकी के सामने परत दर परत खोलने लगता है और बहुत महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने जीवन के अनुभव से प्राप्त किये गए सबकों को केतकी के सामने रखने लगता है।
जब विनीत अपनी सारी आप बीती बता चुका होता है तब केतकी के मन मे सवालों का सैलाब उमड़ पड़ता है लेकिन अपनी आप बीती कहने का मौका उसे प्राप्त नहीं होता। जिस प्रकार एकलव्य द्रोणाचार्य की मूरत बना कर अभ्यास किया करता था उसी प्रकार केतकी विनीत का संस्मरण करते हुए हर उस घटना को याद करती है कि कैसे वो उसके नज़दीक आयी, उससे कब प्रेम कर बैठी और क्यों कभी भी विनीत ने उसका तिरस्कार नहीं किया परन्तु उसे प्रेमी की नज़र से भी नहीं देखा। आप इसे आसान शब्दों में सेल्फ़ इंट्रोस्पेक्शन का नाम भी दे सकते हैं जिसके बाद केतकी का मन हल्का हो उठता है और चेहरे से दुःख की घटा छट जाती है। 
•
कहानी का मूल सार :

इस उपन्यास का मुख्य केंद्र मेरी नज़र में केतकी और विनीत के मध्य चल रहे वार्तालाप के दौरान चर्चा का विषय बनते जीवन के गहरे रहस्य हैं । 

उदाहरण के तौर पर : 

१- आकर्षण को लेके जब विनीत कहता है कि "आकर्षण के कण प्रकृति ने चारों ओर बिखेर दिए हैं। हमारा संबंध इस पर निर्भर करता है कि उनका संयोजन हम कैसे करते है" । अगर भाई बहन का आकर्षण है तो अलग होगा नर नारी का है तो अलग होगा और इसको लेके जब विनीत समझाते हैं कि लक्ष्य निर्धारित होने पर आकर्षण कण उसी के अनुसार आकर ग्रहण करते हैं। इसको लेके आगे वो कृष्ण और द्रौपती के संदर्भ में भी बातें बताते हैं।

२- जब केतकी कहती है मुझे मेरे पति से प्रेम नहीं इसका अर्थ ये नहीं कि मैं धोका दूँगी और जब वो कहती है "हम एक समाज में रहते हैं और सब लोगों के साथ हमारा सामाजिक व्यवहार होता है। हम जब अपना दायित्व अच्छी तरह निभा लेते हैं, तो हम बिना प्रेम के भी अच्छे नागरिक हो सकते हैं। वे दायित्व पूर्ण पति हैं, मैं दायित्व पूर्ण पत्नी। हमे एक दूसरे से कोई शिकायत नहीं है। इसलिए हम अच्छे पति पत्नी है" ।
•
ऐसे ही अनेक तरह के बिंदुओं पर बहुत गहराई से चर्चा हुई है और असल प्रेम क्या है और कैसे उसका मतलब हर इंसान के लिए अलग हो सकता है उसपर ध्यान केंद्रित किया है लेखक ने। पर इस कहानी के पिलर्स विनीत और केतकी न होकर शायद कहीं न कहीं मल्लिका और चंदा है जिनके कारण विनीत को जीवन में प्रेम और आकर्षण के बीच का अंतर समझ आया। प्रेम और भक्ति के संदर्भ में जो बातें हुईं हैं वो आप ख़ुद पढ़ कर अनुभव करें कि कहाँ तक आप कथन से जुड़ पाते हैं। कहीं न कहीं ये कहानी ख़ुद नरेंद्र कोहली के जीवन का एक अंश भी हो सकती है क्योंकि उनका आधा जीवन जमशेदपुर में तो आधा जीवन दिल्ली में ही बीता था। शुरुआती दिनों की शिक्षा उन्होंने लाहौर से ग्रहण की थी। बहुत तरह से ये उपन्यास उनके बाक़ी उपन्यासों से बहुत अलग है जैसे "दीक्षा" - रामायण को केंद्र बना कर लिक्खा गया है, "महासमर" के आठो भाग महाभारत को तो "तोड़ो कारा तोड़ो" स्वामी विवेकानंद जी के जीवन पर आधारित है। इस कारण भी ये प्रेम कहानी अनोखी हो जाती है। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts