प्रतिज्ञा


उपन्यास : प्रतिज्ञा
रचनाकार : प्रेमचंद

प्रतिज्ञा उपन्यास त्याग, बलिदान , आत्मसम्मान और मित्रता की दास्ताँ है। इस कहानी में अमृतराय , दाननाथ , प्रेमा , पूर्णा , कमलाप्रसाद , सुमित्रा अहम भूमिका में नज़र आते हैं। हर चरित्र पर समान रूप से कहानी को संभालने की ज़िम्मेदारी नज़र आती है। ⠀

उपन्यास की भूमिका⠀

कहानी है दो दोस्त - अमृतराय और दाननाथ की जिनमें बचपन से भाई जैसा नेह होता है। प्रेमा मन से अमृतराय को अपना पति मान चुकी होती हैं मगर अमृतराय को इस बात का भी ज्ञात होता है कि दाननाथ मन ही मन प्रेमा से प्रेम कर बैठे हैं। कहानी की शुरुआत होती है एक सभा से जहाँ अमृतराय यह प्रण लेते हैं वो किसी विधवा से ही शादी करेंगे ना की प्रेमा से। एक कथा सुनकर इस तरह से उनका बदल जाना दाननाथ को नागवार गुज़रता है। इसके प्रण के परिणामस्वरूप प्रेमा की शादी दाननाथ से हो जाती है। दोनों के मध्य रिश्ता तो अच्छा ही चलता है पर दाननाथ अपनी पत्नी पर शक कर बैठते हैं। पूर्णा अपने पति के देहांत के बाद कमलाप्रसाद के आग्रह पर उनके घर आ जाती है जहाँ उसे प्रेम के साथ मिलता है अपमान और देखने को मिलता है बहन बोलने वाले भाई का एक कड़वा रूप। सुमित्रा जो की कमलाप्रसाद की भार्या है उससे सदैव नाख़ुश रहती है। उन्हें धन की नहीं प्रेम की लालसा रहती है। कमलाप्रसाद एक बहुत ही धूर्त किस्म का इंसान है जिसकी नज़र पूर्णा पर होती है और समय पाकर वो पूर्णा को बहला फुसला कर उसके साथ जिस्मानी रिश्ते कायम करना चाहता है। अंत में सब कुछ वापस अपने अस्थायी रूप में आजाता है ।

क्यों पढ़ें⠀

इस उपन्यास में समाज के जो ढकोसले हैं उन्हें बहुत ही सपाट और बिना किसी मिलावट के हमारे सामने रखा है प्रेमचंद जी ने। कहानी में हर तरह से हर किरदार के साथ पूरा इंसाफ किया गया है। इस कहानी में मित्रता का उदहारण है, त्याग की परिकाष्ठा है, अबला नारी का दुःख है, सही राह पर चल रहे मनुष्य की वेदना है, एक नारी के लिए असीम प्रेम और उस प्रेम से अवतरित होता एक आक्रोश है जिसमें दाननाथ जल जाते हैं। इस कहानी में शंका का बीज अवतरित हो कैसे रिश्तों के दरमियान दूरी पैदा कर सकता है इसकी झलक है तो धूर्त इंसान को उसकी करनी का फल इसी जीवन में मिलता है इसका बोध भी है। यह कहानी पढ़ कर प्रेम हो जाता है अमृतराय से भी और प्रेमा से भी । दाननाथ जैसे दिल के साफ़ इंसान का लोग अपने फ़ायदे के लिए इस्तेमाल कर ही लेते हैं । जब ज्ञान हो पर विवेक नहीं तो उस ज्ञान का इस्तेमाल लोग ख़ुद के फ़ायदे लिए भी कर सकते हैं, दाननाथ के साथ यही हुआ । सुमित्रा आपको " गॉन केस " लग सकती है पर उसका गुस्सा उसके नख़रे कुछ भी बेवजह नहीं थे । कहानी पढ़ते हुए मैं बस एक बात समझ नहीं पाया सबसे महान या बड़ा त्याग किसका था अमृतराय का या प्रेमा का ?

उपन्यास में लिखी अनेक असाधारण संवादों में से एक 2 संवाद जो हमें बहुत प्रिय लगे

1- " हमारे समाजिक सिद्धांत में चाहे कितना ही भेद क्यों न हो, मंच पर चाहे एक दूसरे को नोच ही क्यों ना खायें मगर मैत्री अक्षुण्ण रहनी चाहिए " इस कथन की सार्थकता इस कहानी में मिलेगी । 

2- " अकेले आदमियों ने ही आदि से विचारों में क्रांति पैदा की है । अकेले आदमियों के कृतियों से सारा इतिहास भरा पड़ा है ।गौतम बुद्ध कौन था ? वो अकेला अपने विचारों का प्रचार करने निकला था और उसके जीवन काल ही में आधी दुनिया उसके चरणों पर सिर रख चुकी थी । अकेले आदमियों से राष्ट्रों के नाम चल रहे हैं । राष्ट्रों का अंत हो गया । आज उनका निशान बाकी नहीं मगर अकेले आदमियों के नाम अभी तक चल रहे हैं । आप जानते हैं कि  प्लेटो एक अमर नाम है लेकिन कितने आदमी ऐसे हैं जो ये जानते हैं कि वो किस देश का रहने वाला था " ।

©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts