मेरी यादों के चिनार
किताब : मेरी यादों के चिनार
लेखक : कृशन चन्द्र जी
कहानी
1 मुझे सेब पसंद हैं
2 ट्राउट मछली
3 संपेरिन
4 ढक्की के नीचे
5 पालकी
6 नीला दाँत
7 सरताज
8 खोया हुआ स्वर्ग
9 शानो
10 भादू
सभी कहानियाँ एक दूसरे से जुड़ीं हुईं हैं और एक संदेश देती हैं
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
मुझे सेब पसंद हैं -
लेखक अपनी और तारा की दोस्ती का ज़िक्र करते हुए इस कहानी से एक बहुत संजीदा और बहुमुल्य संदेश देता है कि धर्म के नाम पर इंसान को बाँटना बंद करो और जीवन के सही मायनों को समझो। बहुत ही संक्षिप्त में बताऊँ तो तारा एक चमार की लड़की है और लेखक क्षत्रिय है। उसके पिताजी आर्यसमाज के नियमों को मानते हैं और माँ सनातनी हैं। दोनों में हमेशा बहस और नोकझोंक होती रहती है तथा लेखक की माँ अपने धर्म को महान बताने का प्रयास करती रहती हैं । पूनम के दिन वो लेखक को ख़ुद अपने हाथों से तैयार करती हैं और घर के पाँच नौकरों को लेखक को हाथ भी नहीं लगाने देती हैं। लेखक को तारा संग खेलना पसंद है और एक दिन उन्हें साथ खेलता देख कर माँ अपना आपा खो देतीं हैं और लेखक को मारने लगती हैं। इस हरक़त से लेखक के पिता आक्रोश में आ जाते हैं और तारा को अपनी गोदी में लेकर उसकी झोली बाग़ में लगे सेब से भर देते हैं और माँ को नसीहत देते हैं कि कभी ऐसी हरक़त दोबारा न करें। फिर माँ लेखक से पूछती है कि कौन सा धर्म पसंद है तुझे और वो 8 साल का बच्चा बस ये कह पाता है मुझे सेब पसंद है।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ट्राउट मछली
" किसान का घर इस बात से नहीं पहचाना जाता कि उसमें क्या है, बल्कि इस बात से कि उसमें क्या नहीं है।"
ट्राउट मछली एक ऐसी कहानी है जो किसानों के जीवन की दुःखमयी परिस्थितियों को हमारे सामने रखती है। ये कहानी तुलना करती है ट्राउट मछली के घर की एक किसान के घर से जिसे मयस्सर है चार नंगी दीवारें, इक नंगा फर्श, पत्थर का तवा जिस तरह पत्थर के निचे ट्राउट मछली का घर है, पत्थर की छत है और उसके नीचे साफ़ रेत का बिस्तर। डोला नामक किसान का जीवन, उसका उत्साह, उसकी मेहनत और मक्का की खेती करके घर बसर करने की जद्दोजहद। मगर इस कहानी में लाचारी दिखाई गई है जो सभी अन्य भावनाओं पर भारी पड़ती है। कृपालसिंह द्वारा डोला को बेगारी किसान के काम के लिए नियुक्त करना और चाह कर भी उन्हें न रोक पाने की तीस पूरी कहानी में दिखाई देती है।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
संपेरिन
संपेरिन कहानी लेखक के पिता और माँ के मध्य चल रहे संवाद को दर्शाता है। हल्की फुल्की नोंक झोंक और गृहस्थ जीवन में होने वाली कठिनाईयों पर लिक्खा गया है। यहाँ एक युवक का शादी के बाहर एक लड़की पर मोहित हो जाना दिखाया गया है और वापस सही राह पर लौट आने का प्रयास और उसकी कश्मकश की दास्तां है ये कहानी। लड़कपन का प्यार भूले नहीं भूलता और मन को विचलित करता रहता है जिसका आभास पूरी कहानी पढ़ते हुए आप महसूस करियेगा।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ढक्की के नीचे
ये बात किससे छुपी है कि कृशन चन्द्र ने लिखना क्यों शुरू किया, उनकी प्रेरणा क्या थी और किस तरह से वो पूंजीवाद के ख़िलाफ़ दहाड़ मारते थे। ढक्की के नीचे कहानी में उस छवि को बहुत प्रत्यक्ष रूप से लेखक ने हमारे सामने रखा है। इस कहानी में लेखक ये लिखता है कि
" किन्तु यह सच है कि ढक्की के नीचे रहने वालों के बिना ढक्की के ऊपर रहने वालों का निर्वाह नहीं हो सकता था। हमारे नौकर वहीं से आते थे- अर्दली, बावर्ची, नौकर, मुर्गे-अंडे, दूध, डबल रोटी, मक्खन, बिस्कट वाले, नाई, मोची, सुनार, लुहार, लकड़हारे। ये तो सच है कि यदि ढक्की के नीचे रहने वाले लोग न हो तो हमारे घर में चूल्हा तक न जले " ।
बचपन में लेखक को इन सब का उतना इल्म न था पर धीरे धीरे उसने ये सब महसूस किया और उसके जेहन में इक घटना बैठ गयी। एक ज़मीन की लड़ाई। चौधरी ख़ुशी राम और मुलदयालों के सरदार शहबाज़ खान के मध्य हुआ एक द्वंद जहाँ मालिक अता मुहम्मद का बलिदान कोई कैसे भूल सकता है?
दो लोगों की लड़ाई में मालिक अता मुहम्मद क्यों कूद पड़े ? उन्होंने कौन सा कर्ज उतार दिया और क्या कभी प्रेम से भरे मन में नफ़रत भरी जा सकती है ? क्या किसी का त्याग खाली जाता है ? चौधरी सीताराम ( खुशीराम के पिता) ने ऐसा क्या कर दिया कि अपनी ज़िंदगी भी मालिक अता मुहम्मद ने न्योछावर कर दी ?
इन सवालों के जवाब जानने के लिए आप को ये किताब ज़रूर पढ़नी चाहिए।
कहानी का अंत आपको रुला सकता है जिस तरह रो पड़ते हैं मजिस्ट्रेट लालखान और लेखक के पिता जो डॉक्टर थे।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
पालकी
"प्रेम धर्म नहीं देखता"
इस कहानी में दो अहबाबों के बीच के प्रेम को उजागर किया है लेखक ने। जब लेखक के पिताजी अपने दोस्त थानेदार नियाज अहमद के पक्ष में खड़े होते हैं और उसे अपने घर में शरण देते हुए अपनी पत्नी को ये कहते हैं कि "मित्रता भी एक मजहब है। वो स्वयं एक धर्म है। उसके अपने नियम हैं, जिस प्रकार तुम्हारे धर्म के नियम हैं" तो उनकी सोच और मानवता को लेके उनके सिद्धतान्त से अनायास ही प्रेम हो जाता है। पति और पत्नी के बीच चल रहे संवाद को सुनकर वो घर छोड़ देता है और उसे चार टुकड़ों में काट कर राजा के समक्ष पेश कर दिया जाता है। कई दिनों तक लेखक के पिताजी अपनी पत्नी से बात नहीं करते हैं। नियाज अहमद के प्रेम में पड़ी राजा की बहन जब ये ख़बर सुनती है तो सफ़ेद बुरखे में मज़ार पर आती है और हिदायत देती है मौलवी को कि वहाँ रोज़ दिया जलाया जाये। त्याग देती है ख़ुद का एक अंश उसी कब्रिस्तान पर और सारा प्रेम लुटा देती है एक मुसलमान पर क्योंकि वो भी जानती है कि "प्रेम धर्म नहीं देखता"।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
नीला दाँत
नीला दाँत कहानी में एक लड़के के नीले दाँत से प्रभावित होकर तारा उससे शादी करने की इच्छा प्रकट करती है और लेखक को ये बात अत्यंत चुभती है। वो एक तोता पाला होता है जो अल्लाह अल्लाह बोल सकता है जिसे देख कर तारा का आकर्षण उस बालक की और अत्यधिक बढ़ जाता है। कच्ची उम्र में एक चिड़िया को पकड़ने की चाह में घर का एक गुलदान टूट जाता है और ये घटना उसे याद आती है बहुत वर्षों बाद जब उसके घर की नौकरानी से एक गुलदान टूट जाता है। क्रोध में लेखक उसके ऊपर जब हाथ उठाने जाता है तो उसे कोया चिड़िया याद आती है जो बचपन में पकड़े जाने के डर से सहम गयी थी। वो सोचता है कि इस बेचारी ने तो जान बूझ कर नहीं घटनावश गुलदान तोड़ा है। किन्तु हम उन लोगों पर हाथ क्यों नहीं उठाते हैं जो दिन रात लोगों की हिम्मत और सपने तोड़ते हैं। हाथ उठाओ उन निर्दयी परिस्थितियों पर और अत्याचारी व्यवस्था पर।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
सरताज
सरताज एक प्रेम कहानी है। फज्जा ( फ़ैज़ मुहम्मद खां ) डाकू और सरदार मूसा खां की बेटी खानम के पनपते प्यार की। धोखे से फज्जा के क़त्ल होने की और भरे सभा में खानम के अपने पिता के विरुद्ध खड़े होनी की। इस कहानी में बहुत से दिलचस्प मोड़ हैं कहानी के मध्य होने वाले संवाद इतने बेहतरीन हैं कि आप सब खो जाएँगे। खानम का प्रेम, फज्जा की वीरता, पैसों का लालच और सच झूठ को समझने की परख। ये कहानी दिल की गहराइयों तक जाती है और किरदार जहन में रक्स करने लगते हैं।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
खोया हुआ स्वर्ग
खोया हुआ स्वर्ग और शानो की दास्ताँ मैं नहीं लिखना चाहता हूँ ये आप पढ़ कर बताइयेगा कि जिसकी सेवा में आप अपने आप को झोंक दें उसका समय से पहले जाना कैसा लगता है। डॉक्टर को क्या अपने पेशेंट से लगाव हो सकता है और क्या इस हद तक हो सकता है कि लोगों को उसपे शक होने लगे? प्यार होने की सही उम्र क्या है और लेखक के पिताजी कभी संपेरिन के प्यार में तो कभी एक मरीज के प्यार में पड़े थे या उन्होंने ज़िन्दगी से हाथ मिलाया था? बच्चों की हँसी, उनका दुलार और उनकी जिज्ञासा का ऐसा मनोहर दृश्य दिखाते हैं कृशन चंद्र जी कि मुझे मेरे साथ के दोस्त नज़र आने लग जाते हैं। उनके साथ बिताये गये दिनों में जाने की इच्छा पूर्ण जीवित हो जाती है।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
भोदू
भादू कहानी एक युवा की है जो मुस्लिम लीग से प्रभावित होके वापस गाँव आया है और कैसे उसकी क़िस्मत पलट गई है।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
ये सभी कहानियाँ मेरे दिल के बहुत करीब हैं और उम्मीद करता हूँ आप सब कभी ये किताब पढ़ें तो मुझे बतायें किस कहानी ने आप का मन मोह लिया।
/ तरुण पाण्डेय


Comments
Post a Comment