नदी के द्वीप


उपन्यास : नदी के द्वीप
रचनाकार : सच्चिदानंदहीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय"

किरदार : भुवन, रेखा, गौरा, चंद्रमाधव, हेमेंद्र और डॉक्टर रमेशचंद्र

कहानी की पृष्ठभूमि : नदी के द्वीप अज्ञेय का लिखा ऐसा उपन्यास है जो 4 प्रमुख किरदारों के जीवन पर प्रकाश डालता है। नाम के अनुरूप उनका जीवन भी एक द्वीप के समान है जो कभी कभी तो सुंदर और ख़ुशियों से भरा हुआ है पर जिसकी सुंदरता ज्यादा समय तक नहीं रह पाती क्योंकि हर वक़्त उन्हें ख़तरा रहता है आँधियों का।  
यह उपन्यास भुवन, गौरा, रेखा और चन्द्रमाधव के जीवन को केंद्र पर रख कर लिखा गया है। यह एक प्रेम कहानी है जहाँ रेखा और गौरा दोनों भुवन से प्यार करते हैं और उसके जीवनशैली से बहुत हद तक प्रभावित होते हैं। दोनों ही के जीवन में उसका आगमन बहुत अलग तरह से होता है। रेखा से उसकी मुलाक़ात उसके मित्र चन्द्रमाधव के माध्यम से होती है जो मूलतः एक पत्रकार होता है और साहित्य जगत से जुड़ा होता है। वहीं भुवन कॉस्मिक रश्मियों पर शोध करने वाला देश का उभरता हुआ एक वैज्ञानिक होता है। गौरा से उसका पुराना परिचय रहता है। भुवन एक मास्टर के रूप में बचपन से उसे हिडिम्बा के नाम से चिढ़ाया करता है तथा जीवन के मुश्किल क्षणों में उसका मार्गदर्शन करता रहता है। चन्द्रमाधव स्वभाव से कुटिल होता है और रेखा से प्रेम कर बैठता है परंतु रेखा को भुवन की और आकर्षित होते देख उसके सीने पर साँप लौटने लगते हैं और वो ख़ुद को महान बताने के प्रयास में जो भी कदम उठाता है वो सब पैतरे उसपर ही भारी पड़ते हैं। 

यह कहानी है गौरा के धैर्य की, रेखा के समपर्ण की, भुवन के परिताप की तथा जीवन को अपने शर्तों पर जीने वाले और प्रैक्टिकल होने का दावा करने वाले चन्द्रमाधव की। 


इस किताब को क्यों पढ़ें :

1- नदी के द्वीप में चारों किरदारों की भूमिका, उनका जीवन चरित्र परिस्थितियों के अनुकूल किया गया है। किसी एक को प्रधान मान कर उसे महान बताने की चेष्ठा नहीं की गई है और पाठकों को भी सुविधा दी गयी है कि वो हर किरदार का अपने विवेक के अनरूप आँकलन कर सकें। गौरा का धैर्य, भुवन का प्यार और रेखा का त्याग तथा भुवन को लेके उनकी श्रद्धा पूरे उपन्यास में दिखती है। चंद्रमाधव का किरदार कुछ इस तरह से बुना गया है जो कहानी को आगे ले जाने में सहायक सिद्ध होता है। भले उसे आप स्वार्थलोलुप की श्रेणी में रखें परन्तु लोगों को जोड़ने तथा रेखा और गौरा का आपसी परिचय कराने में उसकी भूमिका अहम रही है। उन्हें मिलाने के पीछे का निकृष्ट भाव दरकिनार करते हुए अगर आप देखें तो कहानी को आगे ले जाने में यह मिलन बहुत सहायक सिद्ध होता है।

2- इस कहानी के संवाद बहुत गहरे, जटिल और सभ्य तरीक़े से पेश किए गए हैं । कुछ संवाद भावविभोर कर रख देते हैं तो कुछ संवाद फ़लसफ़े की दास्तां व्यक्त करते हैं । उदाहरण

 (१) - जब भुवन रेखा के सामने शादी का प्रस्ताव रखता है तो वो बेबाक होकर अपनी राय रखती है और बोलती है कि "यह घटना परिमामस्वारूप हुई है ना कि कारणस्वरूप अगर आप मेरे साथ रात ना गुजारते तो शायद आप ये मांग ना रखते । मुझे आपसे बस प्रेम चाहिए"। 

इस कथन से रेखा ने यह साफ़ कर दिया कि वो आत्मनिर्भर नारी है और प्रेम में किसी को बांध कर रखना नहीं चाहती। वो प्रेम में आज़ादी चाहती है जो उसके व्यक्तित्व को निखारता है। रेखा को आप "गुनाओं का देवता" के पम्मी से भी जोड़ कर देख सकते हैं और दोनों किरदारों की समानता और विचार आपको शशक्त नारी का एक बेजोड़ नमूना दिखा जायेंगे। रेखा शुरू से अंत तक क़िस्मत की मारी स्त्री तो है किंतु टूटी हुई और दुर्लभ स्त्री नहीं है। 

२) - प्रश्न सारा यही है कि किस व्यक्ति को कितना ‘फ़्लैटर’ करना उचित है—आज उसका जो पद है उसे ध्यान में रखते हुए, या कल उससे जो काम निकालना है उसे देखते हुए। ‘पम्प’ कर के बात निकालने के लिए उसी अनुपात में पम्प (फूँक भरना) भी तो होगा—यह पंजाबी मुहावरा कितना मौजूँ है। और आपकी चाटुकारिता को कोई कितना सीरियसली ले, यह आपकी पोशाक पर निर्भर है—अगर आप अच्छे कपड़े पहने हैं तो आपकी की हुई प्रशंसा ठीक है और स्वीकार्य है, आप पारखी पत्र-प्रतिनिधि हैं; अगर रद्‌दी कपड़े पहने हैं तो वह काम निकालने के लिए की गई झूठी खुशामद है, आप टुटपुँजिए रिपोर्टर हैं और तिरस्कार के पात्र। "

असल साहित्यकार और पत्रकार के बीच का फ़र्क इस पुस्तक में बहुत अच्छे तरीक़े से दर्शाया गया है। लिखने का कौशल रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति साहित्यकार नहीं हो जाता। कहीं न कहीं भुवन का मानना था कि साहित्यिक पत्रकारिता में सच की रक्षा करना चाहिए। जमाना सिर्फ़ उन्हें ही याद रखता है जो सच के साथ रहते हैं और सच की रक्षा करते हैं।

यहाँ लेखक ने खुल कर चाटूकारिता और देश मे फैल रहे भ्रष्टाचार पर तंज कसा है। तारीफ़ के पीछे छुपे मक़सद को जानने को प्रेरित किया है और सही ग़लत में अंतर जानने की और सबका ध्यान केंद्रित भी किया है। अव्वल दर्ज़े के चाटुकार अपने हर काम में आपका नाम तब तक डालते रहेंगे जब तक कि उनके साथ आप जुड़ न जायें या फिर वो आपकी तारीफ़ अपने मुँह से न कर दें। उनके प्रेरणास्रोत कभी कोई एक या दो नहीं बल्कि दर्ज़न भर लोग होंगे। लेखक ने इस और भी इशारा किया है। 

3- चंद्रमादव और भुवन दोनों ही मुझे रेलगाड़ी के दो पटरी जैसे लगे जो चलते तो साथ हैं लेकिन कभी मिल नहीं सकते। दोनों का होना ही इस उपन्यास को महत्वपूर्ण बनाता है पर दोनों का साथ रहना दुर्लभ कार्य है। उनकी सोच उनके सिद्धान्त एक दूसरे से रगड़ खाते हैं। चंद्रमादव दिल की बात कहना जानता है। वो अपनी बात कहने से चुकता नहीं है। वो अपना काम निकालना जानता है। उपन्यास में उसका ग्रे शेड है। 

4- गौरा का किरदार बहुत ही मर्यादित और शांत स्वभाव का बताया गया है। वो धैर्य की मूरत है। सब कुछ सहज भाव से स्वीकार करती है। मुझे उसके अंदर कोई लड़ाका नज़र नहीं आया। वो ख़ुश रहना जानती है। दूसरे शब्दों में कह लें वो हमेशा ख़ुद से पहले दूसरों की भावनाओं का ख़्याल करती है। गौरा एक बहती नदी है जो अपनी निर्मल धारा से चट्टानों तक को उखाड़ दे पर उसमें ममत्व की भावना कहीं न कहीं प्रबल रूप से देखने को मिलती है। गौरा जब भुवन के मुँह से उसके और रेखा के मध्य पनप रहे प्यार की कथा सुनती है और परिताप के अग्नि में जल रहे भुवन को सहारा देती है तो वो भुवन को एक नई ज़िन्दगी प्रदान कर रही होती है। उसे वापस प्रेम करना सीखा रही होती है और रेखा को दीदी कहकर संबोधित करते हुए उदारता का परिचय भी देती है। 

5- प्रेम कहानी के साथ साथ सामाजिक मुद्दे और मनोवैज्ञानिक स्तर पर ये उपन्यास बहुत अहम सवाल खड़े करता है और सोचने पर विवश करता है। उपन्यास की ये पंक्तियाँ देखें कि " असल में सब सिद्धान्त क्षतिपूरक होते हैं : आप जो हैं, जैसे हैं, उससे ठीक उल्टा सिद्धान्त गढ़ कर उसका प्रचार करते फिरते हैं। इससे एक तो आप अपने लिए एक सन्तुलन स्थापित कर लेते हैं, दूसरे औरों को ग़लत लीक पर डाल देते हैं ताकि आपको ठीक-ठीक कोई पकड़ न पा सके। " 
रेखा और भुवन दोनों ही इसके शश्क्त उदाहरण हैं जो लोगों को अपने मन में चल रही बातों से अवगत कराना पसंद नहीं करते हैं और हर बार एक नई थ्योरी को जन्म देकर लोगों को मन के भीतर झाँकने वाले द्वार से भटकाते रहते हैं। 
इसी तरह विज्ञान के इस्तेमाल पर भी किरदारों के मध्य बातचीत देखना एक सुखद अनुभव रहा। भुवन एक पत्र में लिखते हैं कि " नीति से अलग विज्ञान बिना सवार का घोड़ा है, बिना चालक का इंजिन वह विनाश ही कर सकता है। और संस्कृति से अलग विज्ञान केवल सुविधाओं और सहूलियतों का संचय है, और वह संचय भी एक को वंचित कर के दूसरे के हक में और इस अम्बार के नीचे मानव की आत्मा कुचली जाती है, उसकी नैतिकता भी कुचली जाती है, वह एक सुविधावादी पशु हो जाता है…और यह केवल युद्ध की बात नहीं है, सुविधा पर आश्रित जो वाद आजकल चलते हैं वे भी वैज्ञानिक इसी अर्थ में हैं कि वे नीति-निरपेक्ष हैं : मानव का नहीं, मानव पशु का संगठन ही उन का इष्ट है। " जो मानवता के प्रति भुवन की संवेदनशीलता ज़ाहिर करता है और समाज में चल रहीं गतिविधियों पर लगातार नज़र गड़ाये लेखक की मनोदशा भी परत दर परत खोलता चलता है। 

6- हर किरदार इतना शसक्त है कि विभिन्न नज़रियों का एक संगम बनता हुआ नज़र आता है जिसमें डूब कर जीवन की दुर्गम परिस्थितियों का बोध होता है, उदासीनता से रूबरू होकर उससे निकलने की प्रेरणा नसों में फूटती है, देश के प्रति प्यार उमड़ता है, कला का महत्व समझ आता है और सच्चे मन से किये गए प्रेम की अनुभुति भी होती है जो ह्रदय को शान्ति प्रदान करती है। इस उपन्यास की कुछ अंतिम पंक्तियाँ मुझे बहुत ज्ञानवर्धक लगती हैं और हमेशा मेरा मार्गदर्शन करती रहेंगीं। 

अज्ञेय किताब के अंत में लिखते हैं कि " हर व्यक्ति एक अद्वितीय इकाई है, और हर कोई जीवन का अन्तिम दर्शन अपने जीवन में पाता है, किसी की सीख में नहीं। पर दूसरों के अनुभव वह खाद हो सकते हैं जिस से अपने अनुभव की भूमि उर्वरा हो "। ये पंक्तियाँ इस बात की और इशारा भी करती हैं कि आप अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें और दूसरों के अनुभवों से सीखते रहें। ख़ुद की लड़ाई पूरी ईमानदारी से लड़ें और ख़ुद को निखारते हुए एक ईमानदार व्यक्ति बनने की चाह रखें जो दुनिया को कुछ दे कर ही जाये। 
 
/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts