कोहबर की शर्त
उपन्यास : कोहबर की शर्त
रचनाकार : केशव प्रसाद मिश्र
कोहबर की शर्त एक ऐसा उपन्यास है जो आपको प्रेम और मजबूरी में बंधे इंसान के बारे में बताता है । इस उपन्यास में ग्रामीण परिवेश का चित्रण बहुत ही रोचक तरीक़े से किया गया है । चार किरदारों के इर्द-गिर्द लिखा यह उपन्यास शुरू से अंत तक आपको अपनी कहानी में बांधे रखेगा और आप हर किरदार के जीवन से जुड़ पाएंगे । इस उपन्यास पर आधारित 2 फिल्मों को बनाया गया है " नदिया के पार " और " हम आपके हैं कौन " मगर वहाँ अंत अलग रखा गया है । हर किरदार यहाँ अपने अपने भाग्य से लड़ता और हारता नज़र आता है मगर ध्यान से देखो तो समझ आएगा इस तरह का बलिदान और त्याग देना मुमकिन ही नहीं आज के माहौल में । और सबसे दुःख मयी जीवन तो उसे जीना होता है जिसने खो दिया होता है अपना भाई और अपनी प्रेमिका को जिसे उसको अपने भाभी के रूप में स्वीकार करना पड़ता है । ये पढ़ते हुए आप किंकर्तव्यविमूढ़ हो जायेंगे कि दोष क्या बड़े भाई का है जिसने समय रहते आवाज़ नहीं उठाई या छोटे भाई का जो चाहता तो सच से सबको अवगत करा सकता था । रिश्तों के दरमियाँ उलझी बहुत ही सरल भाषा में लिखी एक उपन्यास जो दिलों में घर कर जाती है " कोहबर की शर्त " । कोहबर की प्रथा उत्तरप्रदेश में होती है शादी के दौरान ।
कोहबर की शर्त उपन्यास में गाँव का चित्रण, दो परिवारों के ऊपर आई आपदा और चंदन का जीवन उकेरा गया है । कहानी में गुंजा, ओमकार, बैदजी, काका और एक नदी का ज़िक्र लगातार होता रहता है परंतु चंदन के जीवन में आये दुःखों का गंतव्य पाठकों को द्रवित कर देता है । मैं तो ये समझता हूँ कि लेखक ने चंदन को ज़िंदा रख कर बहुत बड़ी सज़ा दी है ।
इस उपन्यास में एक किरदार " चंदन " एक लड़की से प्यार करता है और उसी लड़की को 4 तरह से देखता है
१- कुंवारी गुंजा
२- सुहागिन गुंजा
३- विधवा गुंजा
४- कफ़न ओढ़े हुए गुंजा
इस दर्द को महसूस करिए और जानिए क्यों और किस परिस्थितियों में ऐसा हुआ और चंदन ने किस तरह इस दर्द को झेला या चंदन के साथ क्या हुआ । चंदन के जीवन में आये आँधी को जानने के लिए आप इस उपन्यास को जरूर पढ़ें ।
©® तरुण पाण्डेय


Comments
Post a Comment