एक गधे की वापसी




ये उपन्यास कृशन चंदर जी के द्वारा रचित "एक गधे की आत्मकथा" के आगे की कहानी है। फिलहाल अभी इस उपन्यास की बात कर लेते हैं।

कृशन चन्दर जी की लिखी एक गधे की वापसी एक बहुत ही रोचक और समाज के दोहरेपन पर वार करती एक कमाल की किताब है। व्यंग से पूरी कहानी में आपका मन लगा रहेगा। भाषा बहुत सरल है और मन में घर कर जाने वाली बातें हैं। कटाक्ष का प्रयोग ऐसा कि जैसे चल रहे हों अर्जुन के बाण। निशाना कभी चुकता ही नहीं। यह किताब सिर्फ़ एक किताब नहीं है एक आईना है बीसवीं और इक्कसवीं शताब्दी का। ⠀
⠀
इस कहानी का प्रमुख किरदार एक गधा है जो की बाराबंकी से निकल कर दिल्ली जाता है और वहाँ से मुम्बई । नेहरू जी से मिला होता है। उसे इंसानो की भाषा भी आती है और हर पल वो नए नए लोगों के लिए काम करता है और बहुत सारे सबक सीखता रहता है। कुछ बातें जो इस किताब में गधे के मन में चलती है आपको भावविभोर कर सकती है जब आप उस कहानी को पढ़ेंगे जैसे " भूख अमीरों के लिए एक बढ़िया मनोरंजन हैं और गरीबों के लिए महत्वपूर्ण आवश्यकता है " ; " हमारे जीवन व्यवस्था में उस समय तक व्यापार नहीं आ सकता जब तक कि किसी एक चीज़ में किसी दूसरे चीज़ की मिलावट ना की जाय। उदाहरणार्थ - दूध में पानी , साहित्य में उरयानी ( नग्नता ) , आटे में बुरादा , घृणा पर धर्म का लबादा, घी में तेल, शासन में रिश्वत का मेल। ये तो व्यापार का प्रथम नियम है "। ; " बीमारी का कारण ओवर ईटिंग। गधे ने कहा भूख है बीमारी पर उसका इलाज नहीं करते है वो असाध्य रोग है । बेकारी भी अशिक्षा भी "। ये बातें जिस संदर्भ में कहीं गयी हैं वो आपको कुरेद कर रख देगा। पैसों के लिए पागल हो रही दुनिया पैसों के लिए क्या क्या करती है और एक गधे को भी बाप बना लेती है और पैसा मिल जाने पर उसी को उसकी औकात याद दिला देती है । उसे सर से उतार कर बना देती है गधा मात्र। शायद इस कारण ही इस कहानी का नाम रखा गया है " एक गधे की वापसी "। एक गधे की मासूमियत का रेखाचित्र और उसके परिश्रम और विवेक की दास्ताँ है यह पुस्तक। समय निकाल आप कृशनचन्दर जी की लिखी ये कहानी जरूर पढ़ें। ⠀
⠀
©® तरुण पाण्डेय⠀

Comments

Popular Posts