कसप


कसप शब्द का अर्थ है क्या जाने। मनोहर श्याम जोशी द्वारा रचित ये उपन्यास अपने शीर्षक के साथ न्याय तो करता ही है लेकिन अंत तक आते आते कहानी को छोटी छोटी पगडंडियों से होते हुए एक ऐसे शिखर पर ले जा के स्थापित करता है कि वहाँ तक जाने की इच्छा हर बढ़ते पृष्ठ के साथ प्रबल होती जाती है। 

कहानी के प्रमुख किरदार :- दुर्गादत्त तिवारी उर्फ़ डीडी नायक , मैत्रेयी उर्फ़ बेबी नायिका, शास्त्री जी बेबी के पिता, गुलनार - डॉक्यूमेंट्री बनाने भारत आयी एक स्त्री जिसके साथ डीडी काम करता है, बब्बन डीडी का बचपन का मित्र इत्यादि

कहानी - कसप एक प्रेम कहानी है और दो अलग अलग किरदारों को मरकज़ पर रख कर लिक्खी गयी है। लेखक ने पूर्णतः अपनी पत्नी को समर्पित करते हुए ये प्रेम कहानी रची है क्योंकि उन्हें प्रेम कहानियों का शौक था। इस कहानी को कोई बोल सकता है कि ये एक प्रेम कहानी है जहाँ नायक नायिका शादी के उपलक्ष पर मिलते हैं, दोनों के मध्य बातचीत होती हैं, शरारतें होती हैं और प्यार का बीज अंकुरित हो उठता है। फिर इस प्रेम कहानी में दिलचस्प मोड़ आते हैं। रिश्तेदारों का जमघट लगता है नायक की भरे शहर में पिटाई होती है। नायक और नायिका के मध्य पत्रों का आदान प्रदान होता है, कहीं कहीं शरारती नोंक झोंक होती है और कहीं कहीं हॉर्मोन्स की इंटेंसिटी इतनी ज़ियादा हो जाती है कि एक दूसरे को स्पर्श करने की चाह चरम पर होती है जैसा अमूमन प्रेम जोड़ियों में देखा जाता है। अच्छी खासी प्रेम कहानी पर क़िस्मत की गाज गिरती है और नायक औए नायिका दोनों अपने अपने रास्ते चल पड़ते हैं पर प्रेम उन्हें जोड़े रखता है। 

पर किसी के लिए ये सिर्फ़ एक प्रेम कहानी न हो कर एक ऐसी कहानी हो सकती है जो ताक़त देती है किरदारों को और रास्ता दिखाती है आगे बढ़ कर ख़ुद को उठाने की। मेरे लिए ये सिर्फ़ प्रेम कहानी नहीं है एक आत्ममंथन का विषय भी है और किरदारों के आपसी द्वंत द्वारा जीवन को समझने का एक प्रयास भी है। 

उपन्यास की विशेषता - 

१- कसप को आप पढ़िए क्योंकि ये एक प्रेम कहानी के साथ साथ कहानी है लक्ष्य पर नज़रें गढ़ाये आगे बढ़ने की। प्रेम कहानी में एक तूफ़ान आता है जब नायिका से मिलने नायक अंतिम बार आता है, उसे मनाने के लिए कि वो उसे कैलिफोर्निया जा कर पढ़ने दे और सिने शास्त्र का अध्ययन करने दे परन्तु बेबी सहमत नहीं होती है और प्रस्ताव रखती है कि या तो कैलिफोर्निया जा या मुझसे शादी करने ख़ातिर यहीं भारत में रह कर दिल्ली में अध्ययन कर। नायिका निःवस्त्र जाकर पलँग पर लेट जाती है और कहती है मेरा भोग लगा कर जाओ परन्तु अपमानित नायक उसपर चादर डाल देता है, जैसे कि कह रहा हो तुम ज़िंदा लाश हो। एक स्त्री का ऐसा उपहास कि वो बन जाती है श्रेष्ठ हर मुमकिन क्षेत्र में किंतु बदला लेने ख़ातिर नहीं। नायिका का भक्ति और रस सिद्धान्त पर लिखा शोध प्रबंध पीएचडी से सम्मानित होता है, बैडमिण्टन और संगीत में आगे बढ़ जाती है और वापस टकराती है प्रेमी से सालों बाद। नायक भी दरिद्रता का शिकार सिनेमा जगत में एक नामी हस्ती बन कर उभरता है। 

किताब की ये कुछ पंक्तियाँ कितनी सार्थक हैं देखें आप सभी कि " जीवन में कुछ भी 'फ्रीज' नहीं होता। प्रवाहमान नद है जीवन। क्षण-भर भी रुकता नहीं किसी की कलात्मक सुविधा के लिए। ‘फ्रीज' नहीं होता, 'सीज' अलबत्ता होता है और सो भी भयावह निर्णयात्मकता से। यों नद का यह रूपक भी अपने अधूरेपन में कम त्रासद नहीं। कौन जानता है किस सागर में विलीन होता है यह नद? "
 
२- नायक-नायिका तो हमेशा साथ रहते हैं पाठक के पर यहाँ साथ रह जायेंगे शास्त्री जी बेबी के पिता। उनका क़िरदार बहुत ही प्रभावशाली है। उनका संयम, उनका शिष्टाचार, उनका ज्ञान अनुकरणीय है। पाँच भाईयों की इकलौती बहन बेबी को पालने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी और उसे भी पढ़ा लिखा कर इस क़ाबिल बना दिया कि वो सर ऊँचा कर समाज में रह सके और उसे उसके काम के कारण लोग जानें। प्यार के बारे में शास्त्री जी का ये मानना है कि " प्यार वह भार है जिससे मानस- पोत जीवन-सागर में सन्तुलित, गर्वोन्नत तिर पाता है। इस भार के लिए छोड़े गये स्थान की पूर्ति हम यथाशक्य अपने प्रति अपने प्यार से करते हैं किन्तु कुछ स्थान फिर भी बच रहता है। इसे कैसे भी, किसी वस्तु, व्यक्ति या विचार के प्रति प्यार से भरा जाना जरूरी है, भरा जाता भी है। इस आवश्यकता की पूर्ति के लिए हम किसी अज्ञात, अनाम तक से भी प्यार कर सकते हैं। " न जाने ऐसे कितने ही रोचक मोड़ हैं इस उपन्यास में जहाँ उन्होंने अपने संयम और विवेक से पाठकों का मन मोह लिया है। आपको इनसे प्यार हो जाएगा। दर्द को सीने में छुपा आगे बढ़ते रहने का पर्याय हैं बेबी के पिता जी। 

३- इस उपन्यास शुरुवात में ही नायक ने जो लक्ष्य कायम किया था उसने उसे कैसे पूर्ण किया नायक ने इस उतार चढ़ाव को जानने के लिए ज़रूर पढ़ें कसप। जब वो बरेली से दिल्ली जाता है ट्रैन में तो वो ख़ुद को कहता है कि " वर्षों-वर्षों बैठा रहूँगा मैं इसी तरह इस गाड़ी में जिसका नाम आकांक्षा है। वर्षों-वर्षों अपनी ही पोटली पर, मैले फर्श पर, दुखते कूल्हों, सो जाती टाँगों पर बैठा रहूँगा मैं। संघर्षका टिकट मेरे पास होगा, सुविधा का रिजर्वेशन नहीं। " ख़ुद को क़ाबिल बना कर दिखाता है और अंततः उसके अंदर के अधूरेपन से मिलने का मौका मिलेगा पाठकों को।

इस कहानी की शुरुवात बहुत ही धीमी है और शादी घर का चित्रण इतने विस्तार में है कि कहीं न कहीं वो कहानी से भटका देता है और कहानी को नीरस भी बनाने लग जाता है। शुरुवाती 60 पृष्ठ तक कहानी में रोचकता की कमी है और ऐसा बिंब कम नज़र आता है जिसके कारण इसको पढ़ा जाए मगर फिर जैसे जैसे कहानी आगे बढ़ती है शुरुवाती बिम्बों का महत्व समझ आने लगता है। आँचलिक उपन्यास की श्रेणी में कसप कहीं न कहीं मैला आंचल से सबक ले कर लिखी गयी पुस्तक है जिसे पढ़ना थोड़ा ज़ियादा सरल है और शब्दों के अर्थ उसी जगह दे दिए गये हैं। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts