टोपी शुक्ला


टोपी शुक्ला उपन्यास के बारे में राही मासूम रज़ा लिखते हैं कि मौलाना 'टोपी शुक्ला' में एक भी गाली नहीं है । परन्तु शायद यह पूरा उपन्यास एक गन्दी गाली है । और मैं यह गाली डंके की चोट पर बक रहा हूँ । यह उपन्यास अश्लील है–जीवन की तरह ।

किरदार - टोपी शुक्ला ( बलभद्र नारायण शुक्ला ), इफ़्फ़न ( सय्यद जर्गाम मुरतुजा अबदी ), सकीना- इफ़्फ़न की पत्नी ये छपरा के सय्यद आबिद रज़ा की बेटी, महेश ( सकीना का मुँह बोला हिन्दू भाई जिसे वो राखी बाँधती थी ) , शबनम - इफ़्फ़न और सकीना की बेटी, वाजिद ख़ाँ इत्यादि। 

कहानी - ये कहानी है टोपी शुक्ला की, उसके अकेलेपन की, उसके अधूरेपन की। इस उपन्यास का हर किरदार अकेला तो बहुत अधूरा, उदास, असहाय और कमज़ोर नज़र आता है परन्तु साथ मिल कर किसी भी परिस्थितियों का सामना कर सकता है। 

उपन्यास क्यों पढ़ें -

1- ये उपन्यास भारत के आज़ाद होने के बाद के आर्थिक समस्याओं पर प्रकाश डालता है, नौकरी की आड़ में पनपते भृष्टाचार को सामने तो लाता ही है किंतु उस नौकरी के कारण पैदा हो रहे आपसी नफ़रत पर भी जोर देता है। राही मासूम रज़ा लिखते हैं कि " सुना जाता है कि पहले ज़मानों में नौजवान, मुल्क जीतने, लम्बी और कठिन यात्राएँ करने, खानदान का नाम ऊँचा करने के ख़्वाब देखा करते थे। अब वे केवल नौकरी का ख़्वाब देखते हैं । नौकरी ही हमारे युग का सबसे बड़ा ऐडवेंचर है ! आज के फ़ाहियान और इब्ने-बतूता, वासकोडिगामा और स्काट, नौकरी की खोज में लगे रहते हैं। आज के ईसा, मोहम्मद और राम की मंज़िल नौकरी है। "

2- टोपी शुक्ला सिर्फ़ हिन्दू और मुसलमान पर केंद्रित एक उपन्यास न होकर एक बच्चे के पालन पोषण की बारीकियों को हमारे सामने रखता है और उसका बच्चों के जीवन पर क्या प्रभाव पड़ता है ये भी दर्शाता है। अगर आप बलभद्र नारायण शुक्ला के जीवन के बारे में पढ़ेंगे तो पायेंगे कि बचपन से उसका काला होना कैसे उसके पूरे व्यक्तित्व को अँधेरे की और ढकेलता है, हर बार उसका शोषण होता है, अच्छी चीज़ों से उसे वंचित रखा जाता है और अंततः उसके मन में उदासी घर करने लगती है। उदास लोगों को उदास लोग ही समझ सकते है। 

3- टोपी शुक्ला जहाँ एक तरफ़ आर्थिक समस्याओं और राजनैतिक गतिविधियों का रंगमंच है तो दूसरी तरफ़ इसका भावनात्मक पक्ष इतना प्रभावशाली है कि इस कहानी को पूरा किये बिना उठने की इच्छा नहीं होती है। पूरी किताब में ऐसे अनेक किस्से हैं जो आपको भावविभोर कर छोड़ेगें। उदाहरण के लिए कुछ किस्से बिंदुवार आपके सामने रखना चाहूँगा 

• एक छोटे से बच्चे की उत्सुकता देखिए जब उसे साईकल चाहिए होती है और उसकी माँ द्वारा तीसरे बच्चे के जन्म के दौरान वो कहता है "साइकिल ना हो सकती का ? " ये उसकी मासूमियत भी दर्शाता है और जिज्ञासा भी। 

• इस पूरी कहानी में बलभद्र नारायण शुक्ला की कोई भी इच्छा पूर्ण नहीं हुई। राही मासूम रज़ा लिखते हैं कि " टोपी की कोई ख़्वाहिश पूरी ही नहीं हुई। उसने यह चाहा कि उसकी माँ के यहाँ एक साइकिल हो जाए तो उसके यहाँ भैरव हो गया। उसने चाहा कि सकीना उसे राखी बाँध दे तो वह जम्मू चली गई। उसने चाहा कि सलीमा से उसकी शादी हो जाए तो अपना थीसिस लिखवाकर सलीमा ने किसी साजिद ख़ाँ से ब्याह कर लिया। उसने एक नौकरी चाही तो कहीं हिन्दू होने के कारण नहीं मिली, कहीं मुसलमान होने के कारण।" जिसकी इच्छाओं का इतना हनन हुआ हो वो सिर्फ़ कौम की लड़ाइयों से नहीं टूटा होगा। कहीं न कहीं हर वक़्त उसके नाज़ुक से दिल पर अतीत में न मिल सकने वाली सारी इच्छाओं का बोझ इतना गहरा हो गया होगा कि वो तैर न सका होगा जीवन रूपी सागर में। 

• सकीना सलीमा की शादी में क्यों शुमार न हो सकी? इस तथ्य को जानने के लिए आप टोपी शुक्ला पढ़िये। रमेश का सकीना के नाम ख़त कि " सुक्कन मेरी बहन ! मैं लड़ाई के मैदान में हूँ, पता नहीं क्या होनेवाला है। हर तरफ़ न ख़त्म होनेवाली बर्फ़ का अटूट सिलसिला है। मैं बहुत अकेला हूँ क्योंकि मेरे पास तेरी राखी नहीं है। तू इतना क्यों बदल गई है सुक्कन ? इसका सकीना पर क्या प्रभाव पड़ा ये जानने के लिए भी आप टोपी शुक्ला पढ़िए और देखिए कि प्रेमचंद की सेवादन उपन्यास में लिक्खी ये पंक्तियाँ कितनी सार्थक सिद्ध होती है कि "जिस प्रकार विरले ही दुराचारियों को अपने कुकर्मों का दंड मिलता है, उसी प्रकार सज्जनता का दंड पाना अनिवार्य है।" 

4- टोपी शुक्ला नामक उपन्यास रिश्तों की अहमियत बताता है। बलभद्र नारायण शुक्ला को नौकरी की तलाश थी ये कहना ग़लत नहीं होगा पर उससे ज़ियादा उसे तलाश थी एक परिवार की जिसे वो अपना कहता। उसे दुःख हुआ जब इफ़्फ़न की दादी का इंतक़ाल हो गया। वो बहुत अकेला महसूस करता था जब इफ़्फ़न से बिछड़ गया, वो किसी की परवाह नहीं करता था। अपने सिद्धांतों पर आख़िरी तक अड़ा रहा। इफ़्फ़न से वापस मुलाक़ात होने पर अधिकतर समय वो उसी के घर पर बिताने लगा। बलभद्र नारायण शुक्ला के हृदय में असीम प्यार था। बलभद्र नारायण शुक्ला अपने सिद्धांतों के कारण नौकरी के इंटरव्यू को भी पार न कर पाया और सकीना को बस इतना कह सका कि " जिस देश की यूनिवर्सिटी में यह सोचा जा रहा हो कि ग़ालिब सुन्नी थे या शीया और रसखान हिन्दू थे या मुसलमान, उस देश में पढ़ाने का काम नहीं करूँगा।" इफ़्फ़न ने वापस जब पूछा कि क्या करोगे तो उसका जवाब था कि "फ़िल्मी गाने लिखूँगा । जूतों पर पालिश करूँगा । भीख माँगूँगा । किसी बड़े आदमी की इकलौती लड़की से शादी करके चैन करूँगा । कुछ भी कर सकता हूँ ।"

5 - इस उपन्यास को पढ़ने के बहुत से कारणों में एक कारण ये है कि मनोवैज्ञानिक स्तर पर व्यक्ति के जीवन में किस तरह की परिस्थितियाँ आती हैं और वो किसी एक कौम से क्यों जुड़ जाता है या किसी कौम से क्यों नफ़रत करने लगता है इन सब का बहुत ही सजीव चित्रण किया है राही मासूम रज़ा ने। हमारी सबसे बड़ी लड़ाई किसी कौम से नहीं है बल्कि एक विचारधारा से है जो नफ़रत को पनाह देती है। राही मासूम रज़ा लिखते हैं कि " नफ़रत ! शक ! डर ! इन्हीं तीन डोंगियों पर हम नदी पार कर रहे हैं। यही तीन शब्द बोए और काटे जा रहे हैं। यही शब्द धूल बनकर माँओं की छातियों से बच्चों के हलक़ में उतर रहे हैं। दिलों के बन्द किवाड़ों की दराज़ों में यही तीन शब्द झाँक रहे हैं। आवारा रूहों की तरह ये तीन शब्द आँगनों पर मँडरा रहे हैं। चमगादड़ों की तरह पर फड़फड़ा रहे हैं और रात के सन्नाटे में उल्लुओं की तरह बोल रहे हैं। काली बिल्ली की तरह रास्ता काट रहे हैं। कुटनियों की तरह लगाई-बुझाई कर रहे हैं और गुण्डों की तरह ख़्वाबों की कुँआरियों को छेड़ रहे हैं और भरे रास्तों से उन्हें उठाए लिए जा रहे हैं। तीन शब्द ! नफ़रत, शक, डर। तीन राक्षस "

राही मासूम रज़ा की पुस्तकें समाज के पिछड़ेपन का आईना हैं ये कहना बिल्कुल ग़लत नहीं होगा। आप उनकी आधा गाँव उठा कर पढ़ लें जो गंगौली में रहने वाले मुख्यतः मुस्लिम समुदाय के लोगों की कहानी है। सांप्रदायिकता आखिर किस प्रकार एक व्यापक रूप लेती है इसका चित्रण कराती है आधा गाँव और इसका क्या असर होता है लोगों पर ये भी दिखाती है। राही मासूम रज़ा जैसा लेखक ही नीम का पेड़ जैसी कहानी लिख सकता है जहाँ नीम का पेड़ अपने समय के बदलाव का साक्षी है और पीढ़ियों के बदलावों को गंभीरता से देखता है। राही मासूम रज़ा का कद हिन्दी साहित्य में बहुत ऊँचा है। उनकी जीवनी पढ़नी हो तो आप कमलेश्वर द्वारा लिखी गर्दिश के दिन भी पढ़ सकते हैं जहाँ उनके जीवन से थोड़ा परिचय होता है।

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts