सोज़े वतन



सोज़े वतन प्रेमचंद की लिखी पहली कहानी संग्रह है जो अंग्रेजों द्वारा जला दी गयी।  सोज़े वतन का अर्थ है देश का मातम और पाँचों कहानियाँ देश प्रेम और विभिन्न देश के बदलते हालातों के ऊपर लिखीं गयी है। प्रेमचंद उर्दू में लिखा करते थे और इस पुस्तक के जल जाने के उपरांत उन्होंने हिंदी में लिखना आरम्भ किया सन् 1908 में ये पुस्तक प्रकाशित हुई । 

यह आन्दोलन का समय था। सोबरांव का युद्ध 10 फ़रवरी, 1846 ई. को लड़ा गया था। यह 'प्रथम सिक्ख युद्ध' (1845-1846 ई.) के अंतर्गत लड़ा गया पाँचवाँ और निर्णायक युद्ध था जिसमें उनकी हार हो गयी थी। आज़ादी की लड़ाई देश के अलग अलग प्रान्तों में अलग अलग तरीक़ों से शुरू हो चुकी थी। प्रेमचंद भी अपनी कलम द्वारा लोगों में क्रांति लाने को तैयार बैठे होंगे और इस देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत होकर उन्होंने इस रचना का निर्माण किया होगा। 1905 में बंगाल का विभाजन, 1906 में मुस्लिम लीग का निर्माण, 1907 के सूरत सेशन में कांग्रेस का दो दलों में विभाजन गर्म दल और नर्म दल का असर "नवाबराय" के मस्तिष्क पर भी पड़ रहा होगा। दुनिया के दूसरे हिस्सों में क्रांति की ज्वाला भड़क रही थी जिनसे प्रेमचंद जी अनभिज्ञ नहीं रह सकें होंगे। उनकी कहानी में इटली की क्रांति का भी ज़िक्र है जो उनकी दूरदर्शिता और समाज को लेके उनके जागरूकता की तरफ़ इशारा करता है।  हर जगह जिस तरह से आंदोलन हो रहे थे जैसे अमेरिकी क्रांति 1765 से 1783, फ्रांसीसी क्रांति 1789 से 1799, 1820 की क्रांति जिसमे स्पेन, इटली, पुर्तगाल और ग्रीस शामिल थे सब का असर पूरे विश्व पर पड़ा। लोगों में सत्ता के ख़िलाफ़ बोलने की ताक़त और हिम्मत दोनों ही आयी। और ऐसे में आती है ये क़िताब जिसमें है देश प्रेम की कहानियाँ। जिसे ब्रिटिश सरकार खारिज़ कर देती है और आग के हवाले कर देती है ।

अब आते हैं कहानियों की तरफ । इसमें जो पाँच कहानियां हैं वो कुछ इस प्रकार हैं 

1 - दुनिया का सबसे अनमोल रत्न - इस कहानी में देश के लिए बलिदान होने को सबसे बड़ा और अनमोल बताया गया है। कहानी का मूल किरदार दिलफ़िगार है जो अनमोल रत्न की तलाश में निकलता है और भारत में आकर उसकी खोज़ ख़त्म होती है। तीन अनमोल रत्नों में से एक का चयन करना कितना मुश्किल होगा। एक तरफ़ है निष्कपट आँसू , एक तरफ़ है निश्छल प्रेम और एक तरफ़ है देश प्रेम । क्या है आख़िर ये अनमोल रत्न ?

2- शेख़ मख़मूर - एक ऐसे राजा ( शाह बामुराद ) की कहानी जो जन्नत निशां पर राज करता था और फिर अपना सब कुछ अपने बेटे मसऊद के हवाले छोड़ वो चल बसा इस ख़्वाहिश के साथ कि उसका बेटा इस मुल्क से पराये राजा को हरा कर वापस कब्ज़ा करे और अंत में उसका बेटा अपने लक्ष्य में क़ामयाब भी होता है। पर किस तरह उसे ये क़ामयाबी हाथ लगती है ? यह जानने के लिए आप यह पुस्तक ज़रूर पढ़ें।

3 - यही मेरा वतन - पराये मुल्क अमरीका में धन ज़मा करने के बाद भारत की सरजमीं पर प्राण त्याग देने की एक कहानी जहाँ एक व्यक्ति अपना घर, यश, नाम सब कुछ त्याग भारत आकर वहाँ के बदले परिवेश को देखता है और रो पड़ता है। उसे तलाश होती है उस भारत की जिसे वो छोड़ कर गया था। क्या उसकी ये तलाश पूरी हुई ?

4 - शोक का पुरस्कार - मेरी समझ से इस पुस्तक की एक मात्र कहानी जो देश प्रेम पर नहीं किंतु इंसानियत के ऊपर लिखी गयी है। जब दुःख के सबसे उच्च शिखर पर इस कहानी का प्रमुख किरदार होता है तो उसे ऐसी क्या अनमोल वस्तु मिलती है जो उसकी ज़िन्दगी में पुनः ख़ुशी का संचार करती है ?  जानने के लिए पढ़ें ये पुस्तक।

5 - सांसरिक प्रेम और देश प्रेम - इस पुस्तक की ये अंतिम कहानी है जो इटली की क्रांति के इर्द गिर्द घूमती है। इस कहानी में मैज़िनी नामक किरदार इटली के क्रांति से वास्ता रखने वाला एक प्रमुख शख़्स अपना सब कुछ देश पर न्योछावर कर मुफ़लिसी में जीवन व्यतीत करता है। उसकी प्रेमिका स्विजरलैंड की मैग्डलीन उसके प्यार में इस तरह पड़ती है जैसे ख़ुदा की इबादत में कोई बैठा हो। देश के लिए मैज़िनी का प्रेम और उसकी तपस्या मैग्डलीन के लिए एक प्रेरणादायक कथा के रूप में उसके अंदर हौसले का संचार करती है। वो अपना सब ऐशोआराम त्याग कर उसके मूल सिद्धांतों का निर्वाहन करते हुए अपने प्राणों को त्यागती है। पूरी कहानी में देश के प्रति प्रेम और इंसानों के प्रति सहानुभूति तथा आपसी प्रेम को बहुत ही मानवीय तरीक़े से दर्शाया गया है। 

अगर आपको ये रहस्य जानने हैं तो इस क़िताब को ज़रूर पढ़ें । 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts