अरे यायावर रहेगा याद



सच्चिदानंदहीरानंद वात्स्यायन "अज्ञेय" को प्रतिभासम्पन्न कवि, शैलीकार, कथा-साहित्य को एक महत्त्वपूर्ण मोड़ देने वाले कथाकार, ललित-निबन्धकार, सम्पादक और सफ़ल अध्यापक के रूप में जाना जाता है। इनका जन्म ७ मार्च १९११ को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के कुशीनगर नामक ऐतिहासिक स्थान में हुआ। बचपन लखनऊ, कश्मीर, बिहार और मद्रास में बीता। बी.एस.सी. करके अंग्रेजी में एम.ए. करते समय क्रांतिकारी आन्दोलन से जुड़कर फरार हुए और १९३० ई. के अन्त में पकड़ लिए गये। 

अज्ञेय को पढ़ना सरल नहीं रहा कभी, हिन्दी के क्षेत्र में मैं उन्हें " बहुमुखी प्रतिभा का धनी " कहता हूँ । आजआप सब के सामने उनकी लिक्खी एक पुस्तक की समीक्षा रखने जा रहा हूँ जिसका नाम है " अरे यायावर रहेगा याद " 

-------------------------------------------

अरे यायावर रहेगा याद एक यात्रा वृतांत है जिसे ८ भागों में बाँटा गया है । इस यात्रा वृतांत में असम, कश्मीर, बंगाल, हिमाचल प्रदेश के अलग अलग स्थानों का वर्णन तो है ही पर सबसे रोचक बात ये है कि हर घटना की व्याख्या वाला लेखक कभी ख़ुद को सैनिक की तरह तो कभी एक विद्यार्थी की तरह तो कभी घुम्मकड़ की तरह ख़ुद को हमारे सामने प्रस्तुत करता है। 

अगर आप ध्यान से देखें तो यायावर का अर्थ और उसके रोमांच को पूरे पुस्तक में अग्रगण्य रखा गया है। हर नए पृष्ठ पर स्थानों से जुड़ी जानकारियाँ भी हैं और लेखक का उससे जुड़ाव भी उभर कर सामने आ रहा है। बात चाहे कुण्डिनपुर की हो जहाँ रुक्मणि ने कृष्ण जी की प्रतीक्षा की होगी या गौहाटी का उल्लेख हो जो वास्तव में गुवा हाटी है, असमीया सुपारी ( गुवाफल ) की प्रसिद्ध प्राचीन हाट। हर स्थान को बारीकी से समय देकर अपने मस्तिष्क में सब जानकारियाँ ग्रहण करने की लालसा अपने चरम पर है। 

यायावर आपको भूगोल, इतिहास, लोग गीत, सांस्कृतिक केंद्र, विज्ञान और जहाँ जहाँ विचरण करता जाएगा वहाँ की कहानियों से अवगत कराता चलेगा। फिर वो तक्षिला के कुणाल स्तूप का वर्णन हो या तिष्यरक्षिता का। तिष्यरक्षिता (सम्राट अशोक की पत्नी) ने बोधिवृक्ष को कटवाया था। वह बौद्ध धर्म के समर्थन में नहीं थी। अशोक की एक रानी तिष्यरक्षिता (पालि साहित्य की तिस्सरक्खिता) थी, जो सम्राट् से अवस्था में बहुत ही कम और स्वभाव से अत्यंत कामातुर थी। कुणाल की सुंदर आँखों पर मुग्ध होकर उसने उससे प्रणप्रस्ताव किया। उसके पुत्रकक्ष कुणाल के लिए उस प्रस्ताव को ठुकरा देना अत्यंत स्वाभाविक था। और क्यों उन्होंने कुणाल की आँखों को निकालने का आदेश दिया आप समझ गए होंगे।

जब लेखक हमसे कहता है कि 

"विकसित नागरिक सभ्यता के पापों का बोझ अविकसित वन्य जातियों द्वारा ढोया जाता है"।

 तो वो उन सभी अनिष्ठ कार्य की और संकेत करते हैं जिससे यायावर हिमाचल या किसी भी स्थान पर जाके वहां की सुंदरता का नाश करने पर उतारू है। उनके लिए घूमना कितना ज़रूरी है इस पंक्ति से पता लगता है कि        
" प्राण संचार के लिए पहली शर्त है गति गति गति " ! 

तो पुस्तक के अंत में वो कहते हैं नक्शों की दुनिया अलग ही होती है उनका मनना है कि 

" नक़्शों से यह फ़ायदा होता है कि मन के घोड़े पर सवार हो कर कहीं चले जाइए, कोई रोक नहीं, अड़चन नहीं, और जब चाहे लौट आइए, या न भी लौटिए—कोई पूछने वाला नहीं कि हज़रत कहाँ रम रहे" !

सबसे अनूठी बात जो लगी वो थी दूरदृष्टि ! लेखक ने बहुत बार अलग अलग घटनाओं और कहानियों के द्वारा हमें बताया दिया कि हम किस दिशा की ओर अग्रसर हैं। उन्होने आगरा में नज़ीर अकबराबादी की कब्र देखी और उनके लिक्खे नज़्म को याद करते हुए एक बहुत अलौकिक बात लिक्खी लिखने के संदर्भ में जो हर लेखक के लिए चिंतन का विषय होनी चाहिये। क्योंकि आजकल की रचनाये जीवन धारा के बीचों बीच नहीं रहती जिस तरह नज़ीर साहब की रचना रहा करती थीं।

" जीवन का स्रोत घटना का स्रोत नहीं है, वह चेतना का स्रोत है। हमारी कविता बानी नहीं रही, लिखतम हो गई है; हृदय तक नहीं जाती वरन् एक मस्तिष्क की शिक्षा-दीक्षा के संस्कारों की नली से हो कर कागद पर ढाली जाती है जहाँ से दूसरा मस्तिष्क अपने संस्कारों की नली से उसे फिर खींचता है"। 

ऐसी ही न जाने कितने रोचक तथ्यों का समावेश है, कितनी इच्छाओं की प्रभल धारा है, कितने ज्ञानचक्षु को खोलने वाली इंद्रियां हैं और कितने वर्षों की मेहनत और लगन है ये पुस्तक । यहाँ राहुल सांकृत्यायन का अंश भी है और यहाँ से प्रेरणा लेता ट्राउट मछली को पकड़ने का ख़्याल पालता शायद कृशन चन्द्र की पुस्तक 'मेरी यादों का चिनार' का क़िरदार भी होगा। जाते जाते उनकी ही पुस्तक की एक पंक्ति आप सब के लिए छोड़ जाता हूँ  

" ‘सृष्टि का सिरताज मानव’ शक्ति के घोड़े पर चढ़ कर पतन के कितने गहरे गर्त में जा सकता है, इस की कोई सीमा नहीं है…" 

©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts