उल्टा वृक्ष



उपन्यास : उल्टा वृक्ष 
रचनाकार : कृशन चन्द्र

यह क़िताब अल्पसंख्यकों के लिए लिखना शुरू किया था " कृशन चंद्र " ने जो एक अतिकल्पनात्मक लघु उपन्यास ( Phantasy in shape of Novelette ) के रूप में उभर कर सबके सामने आया। ये कृति एक ज़ोरदार सामाजिक और राजनीतिक व्यंग्य भी है। इस क़िताब के क़िरदार का निर्माण इस ढंग से किया गया है जो काल्पनिक होते हुए भी यथार्थ के बेहद क़रीब है और सामाजिक मुद्दों पर प्रहार करने से नहीं चूकते । 

कहानी के प्रमुख किरदार हैं "राम", "सिफ़र सिफ़र एक" और "डबलरोटी की बेटी" पर कहानी की नींव है उल्टा वृक्ष जो पाताललोक में जा कर खुलता है। कहानी की शुरूआत होती है राम के पिताजी की मृत्यु से जो पेशे से मोची होते हैं। उनके मरणोपरांत वो परिवार के लिए अपने पीछे एक कुआँ, एक झोपड़ी, एक छोटा सा बाग़ और एक गाय छोड़ जाते हैं। राम की माँ इस बात से परेशान होती हैं कि बेटा बहुत ही कम दिमाग़ का है और हाज़िरजवाबी के कारण सब कुछ लुटाता जा रहा है। राजा चाहता है कि "राम" उसकी सेना में भर्ती हो जाये परंतु राम तो किसी देश के ऊपर आक्रमण करना ग़लत समझता है और राजा का प्रस्ताव ठुकरा देता है। जब परिवार के पास पेट भरने को सिर्फ़ गाय बचती है तो उसे बेचने के ख़ातिर वो बनिये के पास जाता है। बनिया बहुत शातिर और तीक्ष्णबुद्धि का व्यक्ति होता है तथा पैसे के बदले तीन जादू के दाने राम को देते हुए कहता है तीनों को एक साथ बोने से एक जादू का पेड़ उगेगा जो आकाश तक जाएगा। राम वो लेकर वापस घर आ जाता है और दुर्भाग्यपूर्ण दो दानों को कौआ लेकर उड़ जाता है और निराश अवस्था में "राम" एक बीज धरती पर बो देता है। उसी रात आँधी आती है बिजली कड़कती है और जहाँ बीज बोया गया था वहाँ धरती फट जाती है और राम को एक पेड़ दिखाई देता है जो उल्टा उगा हुआ होता है।

उस उल्टे पेड़ पर जाने की उत्सुकता और उसका अंत देखने की प्रबल इच्छा से जन्मा है ये लघु उपन्यास। राम पेड़ की चोटी पर जाना चाहता है और इस दौरान उसकी मुलाक़ात होती है अलग अलग लोगों से, अलग अलग तरह के नगरों में वो विचरता है और अलग अलग धारणाओं से रूबरू कराता है ख़ुद को। उसके इस मार्ग में उसकी मुलाक़ात होती है "सिफ़र सिफ़र एक" से, "काला देव" से, "सोने का देव" से, "चाँदी का देव" इत्यादि और अलग अलग तरह के नगरों में वो जाता है जैसे "मशीनों के शहर" में, "साँपों के शहर" में इत्यादि। अगर बहुत ध्यान से आप पढ़ेंगे तो यहाँ लेखक की कल्पना शक्ति, उनकी पूंजीवाद के प्रति घृणा और उनका क़माल का व्यंग्य देख पाएँगे। हर क़िरदार और हर स्थान और हर छोटी कहानी क्या संकेत देती है वो आप उपन्यास पढ़ कर ख़ुद महसूस करें। इस क़िताब को पढ़ कर " Theory of Lamarckism" भी दिमाग़ में आता है जिसे शायद वैज्ञानिकों ने नहीं माना परन्तु लेखक ने ज़रूर माना है। क्योंकि यामीन ( सिफ़र सिफ़र एक ) को ये नाम राम ने दिया था जिसकी उंगलियाँ उग आई थीं जिसे उसके बाप ने कटवा दिया था। क्यों? जानने के लिए आप उपन्यास पढ़ें ।

इसे पढ़ कर ऐसा भी लगता है कि ये उपन्यास बहुत आदर्शवादी भी है और बच्चों को ज़रूर पढ़ना चाहिए अगर आप उन्हें किसी माध्यम से कुछ सिखाना चाहते हैं जैसे साँपों के बारे में अंत में ये विवरण है कि "बेटा , वे साँप नहीं थे, वे आदमी थे.... ऐसे आदमियों के हृदय में ज़हर भरा होता है और आँखों में पुतलियों की जगह चाँदी की टिकलियाँ होती हैं " । लेखक ने कितनी सरल भाषा में अपनी बात भी कह दी और पैसों के लालच में इंसान ख़तरनाक हो जाते हैं बता दिया ।

तो राम ने क्या क्या देखा , उसको जीवनदान कैसे मिला और किस परिस्थितियों का सामना करते हुए इसके क़िरदार अलग अलग नगर और अलग अलग लोगों से मिलते हुए किस सामाजिक या राजनीतिक मुद्दों को आपके या हमारे सामने प्रस्तुत करना चाहते हैं जानने के लिए एक बार समय निकाल कर ज़रूर पढ़ें । अरे हाँ जादू की झड़ी J.K Rowling जी ने हैरी पॉटर में दिखाई न उसका ज़िक्र इन्होंने अपने जीवनकाल में कर दिया था जो दिखाता है कि कल्पना शक्ति कितनी अव्वल दर्ज़े की थी इनकी ।

©® तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts