ययाति


पुस्तक : ययाति
लेखक : विष्णु सखाराम खांडेकर

किरदार : ययाति, यति, कच, देवयानी, शर्मिष्ठा, यदु, पुरु, माधव, अलका, मुकुलिका, शुक्राचार्य

भूमिका : उपन्यास के माध्यम से लेखक समाज में व्याप्त हो चुके प्रलोभन, अत्याचार, कुकर्म और पाप पर विजय कैसे पा सकते हैं उसका रास्ता दिखाता नज़र आता है। ययाति के किरदार से ग़लत राह पर जा चुके प्राणी को अपराध बोध होने के पश्चात स्वंय के भीतर झाँक कर ख़ुद को बदलने की प्रेरणा उजागर करने का सजीव चित्रण कर दिखाया है लेखक ने। 
देवयानी के किरदार द्वारा एक घमंडी और गुस्सेल स्त्री के विनयी और सहनशील स्त्री बनने के रोचक सफ़र का नाम ययाति है। एक तरफ़ लेखक ने कच के द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, त्याग, विन्रमता, और अहिंसात्मक व्यक्ति का जीवन दर्शन पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया है तो दूसरी तरफ़ शर्मिष्ठा के द्वारा प्रीति का अनूठा उदाहरण पेश किया है। शर्मिष्ठा के त्याग और आचरण के द्वारा पाठकों को दूसरों के हित के बारे में सोचने पर मजबूर भी किया है। 


कहानी :- राजा पुरुरवा के बेटे राजा निहुष को एक शाप मिला था कि " यह निहुष और इसके पुत्र कभी सुखी नहीं होंगे ! " और इसी शाप से जन्मा है यह उपन्यास। इसी शाप से बचने के लिए ययाति का बड़ा भाई यति हस्तिनापुर का स्वर्णिम राज पाठ छोड़ कर तपस्वी बन जाता है। ययाति के जीवन में जितनी घटनाएँ घटती है, जितने कष्ठ वो झेलता है उन सब को वो उसी शाप से जोड़ कर देखता है और अंत तक उसके जीवन पर इस शाप का कितना प्रभाव पड़ता है इसकी कहानी है "ययाति"। 

"ययाति" कहानी है कच द्वारा संसार में प्रेम ज्योती फ़ैलाने की, सभी को सुमार्ग पर लाने की और यह कहानी है पृथ्वी पर पुण्य और पाप के मध्य संतुलन स्थापित करने की। जब जब शुक्राचार्य तपस्या द्वारा संजीवनी जैसी सिद्दी प्राप्त कर दानवों का पलड़ा भारी करेंगे तब तब कच जैसा तपस्वी जन्म लेता रहेगा और पुण्य को स्थापित कर पाप को पुण्य पर हावी होने से रोकेगा। 

"ययाति" देवयानी के हठ की कहानी है, एक ईर्ष्यालु स्त्री की आत्मकथा है, एक बिगड़ी और ज़िद्दी स्त्री के पागलपन की चरम सीमा है और अंततः प्यार द्वारा उसके ह्रदय परिवर्तन की प्रगतिशील कहानी है जो इस बात को प्रमाणित करता है कि प्रेम कितना बलशाली होता है। 

"ययाति" शर्मिष्ठा के त्याग, उसके प्राणेश्वर पर मोहित हो जाने, उसके महारानी से दासी बन जाने के सफ़र की कहानी है। "ययाति" सिर्फ़ ययाति की कहानी नहीं है बल्कि जीवन जीने और उसे समझने का एक प्रयास है। जीवन से जुड़ी गुत्थी को समझने की कहानी है और उसे बेहतर बनाने की कोशिश है।

इस उपन्यास को क्यों पढ़ें :-

१) पौराणिक कथाओं और किरदारों के द्वारा एक दार्शनिक कहानी प्रस्तुत कर समाज को एक आईना दिखाने का काम किया है इस उपन्यास ने। इस उपन्यास के द्वारा लेखक ने इस बात पर जोर दिया है कि मनुष्य का जन्म केवल उपभोग करने के लिए नहीं हुआ है। अगर आप तर्क करते हैं कि उपभोग करने के लिए भगवान ने हमे शरीर दिया है तो लेखक कहता है कि भगवान ने शरीर के साथ मनुष्य को आत्मा भी दी है। शरीर की प्रत्येक वासना को इस आत्मा के बन्धन में रखना ज़रूरी है, इसलिए मनुष्य की आत्मा हमेशा जाग्रत रहनी चाहिए! नशे में धुत् सारथी के हाथों से लगाम छूट जाती है, घोड़े बेकाबू होकर मनमानी दिशा में भाग खड़े होते हैं, रथ गहरी खाई में गिरकर चकनाचूर हो जाता है और उसमें बैठा धनुर्धर व्यर्थ प्राणों से हाथ धो बैठता है।

इसी तरह के अनेक रोचक प्रसंगों से सुसज्जित है यह उपन्यास।

२) "ययाति" उपन्यास वर्तमान समय के सामाजिक मापदंड पर प्रहार करता है जो आध्यात्मिक जीवन से दूर होता जा रहा है और मानसिक रूप से अनेक तरह की यंत्रणाओं का शिकार होता जा रहा है। ययाति हस्तिनापुर के महाराजा थे परन्तु उनके हिस्से में चैन और सुकूँ नहीं था। दुनिया में केवल तीन ही बातें सत्य हैं–मृगया, मदिरा, मदिराक्षी। इन तीनों के सहवास में आदमी अपने सारे दुःख भूल जाता है। सारा दिन ख़ुद को अशोक वन में क़ैद कर भी उनके मन को बेचैनी ख़त्म न हो पाई और जीवन के महत्वपूर्ण १८ वर्ष उन्होंने बर्बाद कर दिए। 

३) "ययाति" उपन्यास की एक बात और जो ख़ास लगती है वो यह है कि लेखक ने हर किरदार के दृष्टिकोण को बहुत ही विस्तार से पाठकों के समक्ष पेश किया है जिस कारण किसी भी किरदार विशेष से घृणा नहीं होती है। देवयानी भले असहिष्णुता का उदाहरण पेश करती नज़र आती रही लेकिन उसके जीवन से जुड़ी बरीकियों पर नज़र डालें तो पायेंगे इस का प्रमुख कारण उसके पिता शुक्राचार्य हैं। उन्होंने ख़ुद इस बात की पुष्टि कि और कहा ‘‘देवयानी, तुम मेरा सर्वस्व हो, किन्तु मूर्ख हो। पागल हो। किस समय कैसा आचरण करना चाहिए, तुम्हें बिल्कुल मालूम नहीं। पहले इसी पागलपन से तुमने कच को जीवित करने का मुझसे आग्रह किया और मैं अपनी संजीवनी विद्या से हाथ धो बैठा। इतने वर्ष बाद मैं यहाँ आया। किन्तु मेरे आते ही तुमने पति की शिकायत शुरू कर दी! अब मैं तुम्हारी एक नहीं सुनूँगा। तेरे अठारह वर्ष के दुःखों का दो टूक फैसला अभी इसी क्षण होना चाहिए। दामाद जानकर ययाति को मैं कभी क्षमा नहीं करूँगा। इसे ऐसा दण्ड दूँगा जो इसे जीवन-भर याद...’’

यह घटना इस बात को प्रमाणित करती है कि देवयानि का स्वभाव व्यभिचारी भले न रहा है परन्तु कुटिल और ईर्ष्यालु अवश्य था और षड्यंत्र रचने में वो माहिर थी। 

४) ययाति पढ़ने का एक मुख्य कारण यह भी है कि इस कहानी को लिखने में विष्णु खांडेकर को ६ से ७ साल का समय लगा जिस कारण कहानी में विभिन्न घटनाओं और प्रसंगों का संतुलन बना रहा तथा बातों को अनावश्यक रूप से विस्तृत करके पेश नहीं किया गया। कहानी आरम्भ से लेकर अंत तक रूचिकर बनी रही। इस उपन्यास के माध्यम से लेखक ने मनुष्य के जीवन की समस्या या संवेदनाओं को व्यक्त किया। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts