अतिथि
जया जया जया तुमने सिर्फ़ प्रेम नहीं किया तुमने तो आवाज़ उठाई अत्याचार के ख़िलाफ़ और कमर तोड़ कर रख दी माधव बाबू की, तुमने कार्तिक के छक्के छुड़ा दिए, तुमने अपने बापूजी का सर ऊँचा कर दिया पूरी बिरादरी में और अपनी ताईजी के लिए सहारा भी बनी।
तुमने शेखर को बता दिया कि एक पतिव्रता स्त्री शादी के बाद दूसरे मर्दों से तालुक नहीं रखती है। हर बार तुमने ख़ुद को सिद्ध किया पर तुम्हारा क़िरदार सबसे मज़बूत होते हुए भी सबसे असहाय और सबसे निर्बल नज़र आया मुझे।
•
"शिवानी" जी के द्वारा लिखा एक उपन्यास जिसकी कहानी जया नामक किरदार के जीवन पर प्रकाश डालती है। जया के जीवन के उतार चढ़ाव की कहानी है "अतिथि"। यह कहानी जया के माध्यम से एक मध्यवर्गीय शिक्षक (जया के पिताजी) की गम्भीरता और धैर्य से मुलाक़ात कराती है, मनबढ़ और वाचाल औरत जो आपके मोहल्ले में भी होगी जिसके पेट में पानी तक नहीं पचता (जया की ताईजी) से रूबरू कराती है, अमीर बाप की बिगड़ी औलाद जो जिस्मों से प्यार करता है और हर ख़ूबसूरत लड़की के साथ हमबिस्तर होना चाहता है उसके जीवन यात्रा तथा उसकी जया के लिए जो तड़प होती है उससे पाठकों की भेंट कराती है। माधव जी जो मंत्री होते हैं, ताक़तवर होते हैं, हर तरह से सुख और समृद्ध नज़र आते हैं उनकी बेबसी, लाजारी और एक राजा के ताज के भार को दर्शाती कहानी है अतिथि।
•
जब आप शिवानी जी की लिखी कृति "चौदह फेरे" पढ़ते हैं तो अहलिया के किरदार में आपको एक विद्रोह नज़र आता है चाहे वो ख़ुद के पिता के विचारों से टकराता हो, चाहे प्रेम को समझने की एक इच्छा हो या अपनी माँ से बरसों बाद मिलने पर आध्यात्मिक तरीक़े से ख़ुद के और करीब जाने का प्रयास हो। कहीं पर भी अहलिया ख़ुद के जीवन के साथ या अपनी सोच के साथ समझौता करती नज़र नहीं आती है और यहाँ इस उपन्यास में जया समझौता करती है और दुर्गम परिस्थितियों से बाहर आकर ख़ुद को साबित करती है। मुझे इस उपन्यास में कहीं न कहीं जया का किरदार संस्कारी और उच्च कोटि का तो लगा पर क्रांतिकारी नहीं लगा। मुझे कहीं न कहीं हमारे समाजिक परिवेश में स्त्रियों पर थोपे गए नियम और क़ानून से दबी औरत नज़र आई जया के रूप में जहाँ पत्नियां पति के पास लौट आती हैं, उन्हें माफ़ कर देतीं हैं और सब भूल जाती हैं । उपन्यास की दृष्टिकोण से जब देखो तो एक नौकर को देख कर ख़ुद के जीवन में झाँकना और कार्तिक के प्रति प्रेम महसूस करना बहुत महत्वपूर्ण घटना प्रतीत होती है पर यही मुझे इसकी सबसे बड़ी दुर्बलता भी लगती भी। यहाँ ऐसा प्रतीत हुआ जैसे भारतीय नारी शोषण का शिकार होने पर भी अपने पति को छोड़ कर जाने में असहज महसूस करती हैं।
•
माधव बाबू के किरदार ने मुझे सबसे ज्यादा बांध कर रखा। एक नेता जो राजनीति जगत में चाणक्य सा मस्तिष्क लिए देश विदेश की हर समस्या का समाधन चुटकियों में कर देता है कैसे अपने बेटे से हार जाता है, अपनी बेटी लीला को खो देता है और अपनी बीवी से एक दूरी बना लेता है। जो अपने द्वारा फेंके गए पासे में ख़ुद उलझ जाता है और कहीं न कहीं जया के साथ इंसाफ़ नहीं कर पाता है। यह और बात है कि जया को अंततः कार्तिक से प्रेम हो जाता है। ससुराल छोड़ने के बाद भी वो किसी और मर्द को अपने जीवन में नहीं आने देती है परन्तु अंत में जया के पति द्वारा जया के पिता का मज़ाक उड़ाना, उसके ऊपर तंज कसना, हनीमून के दौरान जया को आलिंगन पाश में बांधने के पश्चात अचानक शराब के नशे में होटल आकर उसे साड़ी फेंक कर मारते हुए तैयार होने को कहना उसका छिछलापन दर्शाता है। इन सभी हरक़तों को माफ़ करने के पश्चात जया का अपने पति के ख़्यालों में खोये रहना मुझे एक शशक्त किरदार को कमज़ोर दिखा देना लगा। लेकिन यही व्यवहार जया के किरदार को मजबूती प्रदान करता है और किसी भी परिस्थिति में अपनों का साथ न छोड़ने की प्रेरणा भी देता नज़र आता है।
•
यह कहानी आगे कैसे बढ़ती है, क्या क्या मोड़ आते हैं, किस प्रकार एक मंत्री एक शिक्षक के बेटी से रिश्ता जोड़ने को व्याकुल हो उठता है, श्यामचरण और माधव बाबू के का रिश्ता क्या है? गोरखपुर के कौन से साधु का इसमें ज़िक्र है जिसे मंत्री बहुत मानते हैं और शेखर कौन है ? उसका जया के जीवन में आगमन कैसे होता है ? यह सब जानने के लिए इस उपन्यास को एक दफ़ा ज़रूर पढ़ा जाना चाहिए।
©® तरुण पाण्डेय


Comments
Post a Comment