चरित्रहीन


चरित्रहीन पढ़ते वक़्त सारा समय मन में एक द्वंद चलता रहा कि कौन इतिहास के पन्ने में चरित्रवान कहलाएगा। यह कहानी है नैतिकता और ईमानदारी के स्तंभ पर ख़ुद को स्थापित कर अपने जीवन को सही दिशा में अग्रसर रखने वाले उपेंद्र की, यह कहानी है उस लड़की की जो कलकत्ता के एक मकान में नौकरानी और गृहिणी दोनों ही के हक से रहती है। नौ वर्ष की आयु में अपने पति को खो चुकी विधवा है और एक कुलीन ब्राह्मण की लड़की है जिसकी बड़ी बहन का पति मुँहजला भुवन मुख़र्जी उसे बड़े सपने दिखाकर अंत में हाड़ी की तरह फ़ेंककर भाग गया मगर लोगों की नज़र में वो नौकरानी सावित्री कैसी भी हो सतीश के मन में वो एक पुण्यात्मा की तरह विराजमान है। बिहारी के लिए माँ का दर्ज़ा रखती एक पवित्र स्त्री है और मोक्षदा के लिए गर्व का स्वरूप है जिसने दस हजार रुपये के जड़ाऊ गहनों को लात मार दिया और ख़ुद के स्वाभिमान को जीवित रखा। यह कहानी है प्रेम में पड़े अपना सब कुछ न्योछावर कर देने वाले सतीश बाबू की जो उपेंद्र के सखा हैं और उनके शिष्य भी। जो अपने गाँव में होम्योपैथी की चिकित्सा को बढ़ावा देना चाहते हैं और सावित्री से सच्चा प्रेम करते हैं और किरणमयी को भाभी का दर्ज़ा देते हैं। जिनका स्वभाव थोड़ा मनचला है, पैसों से जिनकी जेबें भरी रहती हैं और आलसी प्रवृत्ति के इंसान हैं। अंत में इस पुस्तक के एक और सबसे महत्वपूर्ण किरदार की बात करना आवश्यक है जिसे आप सब किरणमयी के नाम से जानते हैं। किरणमयी सदा अपने पति के प्रेम से वंचित रही। अपने सासू माँ की कठोर गालियों का सामना किया और जिसे लोगों ने चरित्रहीन समझा। जो उपेन्द्र से मोहब्बत कर बैठी और अपनी वासना की तृष्णा को मिटाने हेतु अपने पति के ईलाज के लिए आये डॉक्टर से शारीरिक संबंध बना बैठी और अंत में उपेन्द्र के ममेरे भाई को लेकर दूसरे देश भाग गई। 

शरद बाबू की कहानियाँ की सबसे बड़ी ख़ूबी होती है कि उनकी अधिकतर कहानियाँ महला केन्द्रित होती हैं। यह कहानी मुख़्य रूप से सावित्री और किरणमयी के जीवन में उतपन्न परेशानियाँ, उनकी मनोवैज्ञानिक क्षमता और उनके नज़रिए पर केन्द्रीत है। जहाँ सावित्री बहुत ही कोमल लेकिन तीक्ष्ण बुद्धि की मल्लिका, सुंदर और दूसरों के सुख को आगे रख दूसरों के लिए समर्पित महिला है वहीं किरणमयी का मन अति चंचल और वासना से तृप्त होते हुए भी अपनी सीमा और मर्यादा पहचानता है। अपनी बातों को खुल कर सामने रखने वाली किरणमयी बहुत पढ़ी लिखी और तर्क करने में माहिर है। किरणमयी युक्तियुक्त महिला है। 

कहानी का सारांश : यह कहानी है कलकता में पढ़ने गए सतीश बाबू की जो वहाँ के मेस में काम करने वाली नौकरानी सावित्री से प्रेम कर बैठते हैं और फिर उनके मन में ग़लतफ़हमी पैदा हो जाती है कि यह स्त्री दूसरों के संग बिस्तर गर्म करती है इस कारण सतीश ख़ुद को बर्बाद करने की राह पर अग्रसर हो जाते हैं। मन में वेदना और दर्द लिए सभी से एक दूरी बना लेते हैं और अपने बड़े भाई और बाल सखा उपेंद्र से भी मन मुटाव कर लेते हैं। उपेंद्र का कलकता आना का उपलक्ष्य होता है अपने मित्र हारान को देखना जो जीवन के अंतिम पड़ाव पर खड़ा है। वहाँ सतीश और उपेंद्र की मुलाक़ात होती है किरणमयी और सरोजनी से। सरोजनी ज्योतिष की बहन होती है और प्रगतिशील युवती होती है। सतीश की तरफ़ आकर्षित होती है तथा मन ही मन उससे प्रेम कर बैठती है। वहीं किरणमयी का उसके पति के संग कोई गहरा रिश्ता न हो कर केवल एक गुरु शिष्य का रिश्ता होता है। वो उपेंद्र से प्रेम कर बैठती है मगर उपेंद्र पत्नि को धोखा देने वाले पुरुष न होते हुए भी पत्नी की आलोचना करने से बाज़ नहीं आते हैं और किरणमयी से प्रभावित होकर अपने ममेरे भाई दिवाकर को किरणमयी संग पढ़ने के लिए कलकत्ता छोड़ जाते हैं। अंत में सतीश के पिता के मृत्यु के पश्चात वे तांत्रिक के साथ मिल कर नशा करने लगते हैं तब बिहारी सावित्री को बुला लाता है और वो उसकी सेवा में लग जाती है। सतीश को अंततः सच का बोध होता है। उपेंद्र की पत्नी सुरबाला क्षय रोग से पीड़ित होने के कारण स्वर्गलोक सिधार जाती है और अन्ततः मोक्षदा द्वारा सावित्री और सतीश के बारे में सच जानकर कर वे सतीश के पास लौट आते हैं। कुछ दिन तक उपेंद्र का इलाज चलने के पश्चात उनकी मृत्यु हो जाती है और बन्द कमरे में सतीश, सावित्री, सरोजनी, दिवाकर फूट फूट कर रो पड़ते हैं वहीं किरणमयी उद्वेग रहित अवस्था में सोयी रहती है।

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts