अंधेरे बंद कमरे


अंधेरे बन्द कमरे उपन्यास पढ़ कर हरबंस खुल्लर से कोफ़्त होती है, नीलिमा उर्फ़ सावित्री पर दया आती है और मधुसूदन को देखते हुए यह एहसास होता है कि कुछ दोस्त के होने से जीवन और लम्बा खींचा जा सकता है। 

आप कह सकते हैं कि यह कहानी है दाम्पत्य जीवन में बँधे हरबंस और नीलिमा के संघर्ष की, उनके बीच आयी दूरी की, एक दूसरे को ना समझ सकने की और अंततः लड़ते हुए जीवन व्यापन करने की। इस सफ़र में उनके साथ साथ चलती हैं नीलिमा की दो बहने शुक्ला और सरोज ; हरबंस से बम्बई में मिला उसका अतिप्रिय दोस्त मधुसूदन जो अरविंद के साथ दिल्ली के कस्साबपुरा में ठाकुराइन के घर में किराए पर रहता है और हरबंस का सबसे बड़ा दुश्मन सुरजीत जिससे शुक्ला का विवाह हो चुका है। आप यह भी कह सकते हैं कि यह कहानी है मधुसूदन की जो बम्बई से दिल्ली आया है जहाँ उसकी मुलाकात या कह लें घनिष्ठता हरबंस से बढ़ती है उसके जरिये वो नीलिमा, शुक्ला, शिवमोहन और जीवन भार्गव से रूबरू होता है और जाने अनजाने उनकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन जाता है। 

इस कहानी में एक संदेह का बीच हरबंस और नीलिमा के मध्य जन्म लेता है जिसके बाद उनकी सारी ज़िंदगी उलटपुलट हो जाती है। दोनों के साथ रहने और साथ न रहने के निर्णय को परत दर परत यह किताब खंखालती है। आरोप और प्रत्यारोप का एक ऐसा सिलसिला बंधता दिखता है जहाँ एक बार हरबंस भारी मात्रा में पितृसत्ता से ग्रसित इंसान बनकर उभरता नज़र आता है तो दूसरी बार सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार से तंग आये इंसान की भूमिका में बहुत लाचार और हारा हुआ व्यक्ति प्रतीत होता है। 

इस कहानी में इबादत अली का पाकिस्तान से हिंदुस्तान आने के बाद उसके घर पर कस्टोडियन द्वारा ऊपर का हिस्सा खाली कराने का दुख है। हिन्दू और मुसलमान के मध्य जो एक कड़वाहट आ गयी है उसकी भू है और उसकी बेटी ख़ुर्शीद से जलने वाली ठाकुराइन और गोपाल की माँ के रोचक किस्से हैं।शिवमोहन और जीवन भार्गव के मध्य होती गंभीर बातें हैं जैसे कि कला का वास्तविक रूप क्या है और क्रिएटिविटी जन्म कैसे लेती है? इस कहानी में हरबंस का अपनी साली शुक्ला को लेकर एक खिंचाव दिखाया गया है जो कि अत्यंत घृणात्मक नज़र आता है और उपन्यास में लिखी एक पंक्ति शुक्ला की ख़ूबसूरती बयान करती है कि शी रेडिएट्स ब्यूटी जो भद्रसेन निरन्तर कहा करता है। 

यह कहानी आपके जीवन से चले गए दोस्त की कमी पर एक नज़र डालती है जिसके जाने के बाद आप के जीवन का एक रूटीन ग़ायब हो जाता है। अचानक सब कुछ रुका सा नज़र आता है और आपको यह समझ आता है कि जीवन में कभी कभी हम ऐसा सोचते हैं कि सामने वाला हम पर आश्रित है लेकिन सच्चाई कुछ और ही होती है। इस उपन्यास को पढ़ते हुए बशीर बद्र साहब का लिखा शेर दिमाग़ में लगातार चलता रहता है कि शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है
जिस डाल पे बैठे हो वो टूट भी सकती है। 

आप नीलिमा की विवशता देखिए, शादी के बाद का स्त्री का जीवन देखिए, उनके सपने को सिसकते, समाज से लड़ते, अपने पति से लड़ते और अंततः दम तोड़ते देखिए, एक लड़की का दूसरी लड़की को अशब्द कहते देखिए क्योंकि परिवार से पहले सपने को चुनने की आज़ादी की बहुत बड़ी क़ीमत चुकानी पड़ती है। इस कहानी में सुंदर जैसा शब्द नहीं नज़र आएगा यह एक स्याह रात की कहानी है। अंधकार में जाते हुए दो जीवन की कहानी है। उन दोनों के जीवन में कोई प्रकाश का स्रोत है तो शायद मधुसूदन है। या फिर ऐसा भी हो सकता है कि मधुसूदन के जीवन में अकेलापन मिटाने का कोई उपाय है तो वह उनके जीवन की घटनाएं हैं। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts