ऐ लड़की


एक ऐसी किताब जिसे मर्दों को ज़रूर पढ़ लेनी चाहिए जिससे उन्हें पता लगे कि एक औरत अपने जीवन में क्या क्या झेलती है। मौत की गोद में लेती एक माँ अपनी बेटी से जो संवाद करती है उसको इतने मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया है कृष्णा सोबती ने कि हम एक स्त्री के मन में चलने वाली सारी बातों को समझ सकें, उनके दर्द उनके सपनों के थोड़े और क़रीब जा सकें और इस बात को अपने दिलों दिमाग़ में बैठा लें कि उनके सपनों के संसार में ख़लल डालने वाले, उन्हें रोकने वाले पितृसत्ता समाज से प्रेरित मनुष्य कभी अपनी बेटी के लिए भी एक आदर्श पुरुष नहीं बन सकता है। जब माँ अपनी बेटी को कहती है कि लड़की, तुम्हारे नाना के यहाँ लाड़–प्यार–चाव की कमी नहीं थी । खाने–पीने, खेलने–पहनने को बहुत कुछ, पर कहीं एक गहरी लकीर खिंची पड़ी थी लड़के और लड़की में । तुम्हारे नाना की आख़िरी बीमारी में हम सभी बहनें बारी–बारी उनके पास पहुँचती रहीं, पर वह जब आवाज़ दें तो बेटे को ही । मैं बड़ी उचाट हुई । दिल में वितृष्णा–सी हो गई कि ऐसा भी क्या पुत्र–मोह ! लड़की, ऐसे समय में कुछ अता–पता नहीं रहता । तब उसका दर्द झलक पड़ता है। 

इस उपन्यास में माँ बेटी कब मध्य चल रहे संवाद आप को भावविभोर कर छोड़ेंगे। आप को पता लगेगा एक स्त्री अपनी बेटी के लिए किस तरह के परिवार और समाज की कल्पना करती है। यह कहानी मार्मिक है, संवेदनशील है, स्मृतिओं की दुनिया में गोते लगाती अपनी मृत्यु शैया पर लेटी माँ का अपने बेटी को दिया गया ऐसा उपहार है जो सारी जिंदगी उसे सही मार्ग दिखाता रहेगा। 

इस उपन्यास में माँ स्त्री के जीवन पर गर्व करती नज़र आती है वो कहती हैं कि अपनी समरूपा उत्पन्न करना माँ के लिए बड़ा महत्त्वकारी है । पुण्य है । बेटी के पैदा होते ही माँ सदाजीवी हो जाती है । वो अपनी बेटी को सदा यह कहती नज़र आती हैं कि कभी बंधना नहीं सदा नदी की तरह बहना। सबसे बड़ी सीख अपनी बेटी को वो यही देती हैं कि अपने बहाव के विरुद्ध मत चलना जिससे पता लगता है कि वो स्वयं कितनी आज़ाद ख़्याल की स्त्री थीं जिन्होंने कभी स्त्री पुरुष में भेद भाव नहीं किया। सारी ज़िंदगी अपने शर्तों पर जीने का प्रयास किया और जो नहीं कर पाईं उसकी तीस अंतिम समय में उनके रक्त में ज़हर बन ऐसी फैली की उसकी तड़प साथ ही न छोड़े। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts