ओस की बूंद
पुस्तक - ओस की बूंद
लेखक - राही मासूम रज़ा
किरदार - शहला, शहरनाज़, दुल्हन बी, हाज़रा, हशमत, मुसम्मात अकबरी बीवी, वहशत, वज़ीर हसन, हयातुल्लाह अंसारी, दीनदयाल, राम अवतार, ठाकुर शिवनारायण, बाबू बाँके बिहारीलाल, जोखन
ओस की बूंद को पढ़ते हुए लगता है कि भारत के आजादी के पश्चात् यह उपन्यास हिन्दू और मुस्लिम के साम्प्रदायिक दंगों से प्रभावित होकर लिखा गया उपन्यास है मगर जैसे जैसे आप इसके पन्ने को पलटते जाइयेगा आप को एहसास होता जाएगा कि यह किसी के बेटे का पाकिस्तान से वापस ना आने का दुख है ; किसी का अपने दोस्त को खो देने का दुख है तो किसी का अपनी प्रेमिका को खो देने का दुख है। राजनीति का एक ऐसा दलदल है जहाँ इंसानियत दम तोड़ देती है। उपन्यास मौक़ापरस्त लोगों की काली करतूतों से रूबरू कराता है। नौजवान लड़कियों को घूरती आँखें और हर क़दम पर उनका आँखों द्वारा किया गया बलात्कार दर्शाता यह उपन्यास सिर्फ़ हिन्दू और मुस्लिम के साम्प्रदायिक दंगों तक सीमित न होकर अमानवीय हरक़तों पर प्रकाश डालता लोगों को बदलने की दुहाई देता उपन्यास है।
यह कहानी शुरु होती है एक स्कूल के नाम बदलने की दास्तां से। मुस्लिम एंग्लो वर्नाक्युलर हाई स्कूल बदलकर मुस्लिम एंग्लो हिंदुस्तानी हायर सैकंडरी स्कूल रखने का प्रस्ताव रखते हैं श्री ह्यतुल्लाह अंसारी और इसका विरोध करते नज़र आते हैं वज़ीर हसन। यह कहानी घूमती है वज़ीर हसन के इर्दगिर्द। उनका अपने स्कूल को त्याग देना, उनके साथ मुस्लिम लीग के साथी ह्यतुल्लाह अंसारी से विचारों का मदभेद होना, उनके बेटे अली बाक़र का पाकिस्तान चले जाने के उपरांत उनकी बीवी का पागल हो जाना और उनके घर के अंदर स्थित मन्दिर पर विवाद होने के उपरांत उनकी बेटी शहला का अपने प्रेमी से जुदाई का प्रसंग और अंनत उसके बलात्कार के साथ इस कहानी का अंत अन्तर्मन को झकझोर देता है।
एक घर के क्या मायने होते हैं और क्यों एक घर नफ़रत और मुहब्बत दोनों से ऊँचा होता। किताब की यह पंक्तियां कि " घर! देखने और सुनने में कैसा फटीचर लगता है यह शब्द! परन्तु यह एक शब्द मनुष्य की हज़ारों-हज़ार शताब्दियों का इतिहास है। तो मनुष्य अपने इतिहास से भागकर कहाँ जाए? यह शब्द दुम की तरह साथ लगा रहेगा।...घर। यह शब्द मुहब्बत, नफ़रत, धर्म और भगवान—सबसे बड़ा है। " इस उपन्यास को एक दिशा देता है। एक घर ही है जो वज़ीर हसन को भारत में रुकने की प्रेरणा देता है, शहला को अपने प्रेमी से विरोध करने की शक्ति देता है और उस घर के हक के लिय लड़ते हुए फ़ना हो जाने देता है।
•
इस किताब को पढ़ते हुए इंसान की अमानवीय गतिविधियों के बारे में पता चलता है। इस समाज के संरचनाओं से अवगत होने का एक मौका मिलता है और यह बात पूर्ण रूप से दिखाई देती है कि सत्ता चाहे किसी के पक्ष में हो महिलाओं की ही बलि चढ़ती है। चाहे एक माँ अपनी औलाद हमेशा के लिए खो दे जो कि यहाँ देखने को मिला जिसके कारण वज़ीर हसन की बीवी हाज़रा पुत्रवियोग में पागल हो गयी। आबेदा जीते जी विधवा हो गयी और शहला अनाथ हो गयी। जंग कोई भी जीते उस जंग में हारती सबसे पहले एक लड़की है।
•
राम अवतार जैसे शांतिप्रिय आत्मा को शांति कायम रखने के प्रयासों के बदले कैसे गालियाँ दी जाती हैं और राजनीतिक गतिविधियों से लाभ उठाने वाले धूर्त लोभी लोगों का सच खुल कर सबके सामने प्रस्तुत करता यह उपन्यास इस बात पर भी मोहर लगा देता है कि नफ़रत के बीच बोने वाले लोगों को किसी भी पक्ष से किसी तरह की कोई सहानुभूति नहीं है। उन्हें बस अपना उल्लू सीधा करने से मतलब है। फिर चाहे राम अवतार अपनी जान से हाथ धो बैठे या फिर वज़ीर हसन को झूठ में मंदिर की मूर्ति तोड़ने की साज़िश में बदनाम कर दिया गया हो और गाज़ीपुर शहर आग के गोले में तब्दील हो गया हो।
•
हम आज सन २०२५ में जी रहें हैं और आज भी हमारा सच नहीं बदला है। आज भी महिलाओ के साथ कुकर्म किए जा रहे हैं। आज भी राजनेताओं द्वारा जन जन में नफ़रत की आग फैलाई जा रही है। आज भी लोग अपने फ़ायदे के लिए, पैसों के लिए किसी का भी गला काटने को तैयार हैं। आज भी लड़कियों को उनसे ख़तरा है जिन्हें वे जानती हैं और जिनपे भरोसा करती हैं। यह उपन्यास समाज का काला सच आपके सामने रखता है और इसका अंत आप को झकझोर देता है।
/ तरुण पाण्डेय


Comments
Post a Comment