दादा कॉमरेड


दादा कॉमरेड किताब एक क्रांतिकारी इंसान की कहानी है जिसका नाम हरीश है। वो कांग्रेस से भिन्न एक क्रांतिकारी समूह का महत्वपूर्ण अंग है और पुलिस से बचने की प्रक्रिया में पनाह लेने ख़ातिर बंदूक की नोंक पर यशोदा के घर घुस आता है। इस तरह इस किताब की शुरुआत होती है। 

मुख्य किरदार -: हरीश ( क्रांतिकारी ) दादा ( क्रांतिकारी ), यशोधा, अमरनाथ ( यशोधा के पति ),शैल ( हरिश और रॉबर्ट की दोस्त और एक क्रांतिकारी ), रॉबर्ट ( क्रिश्चियन ), नैनसी ( रॉबर्ट की बहन ), बीएम ( क्रांतिकारी जो हरीश से ईर्ष्या करता है ), जीवन ( क्रांतिकारी ), लाला ध्यानचंद ( शैल के पिता ) ; सुल्तान ( वेश बदल कर हरीश सुल्तान बनता है ) ; सरदार ( वेश बदल कर हरीश सरदार बनता है ), अख़्तर ( लाहौर में रेलवे में काम करने वाला एक मिस्ट्री और सरदार का भाई ), जमीला ( अख़्तर की बीवी ) ; मिराजकर ( वेश बदल कर हरीश मिराजकर बनता है ) ; जे आर शुक्ला ( वेश बदल कर हरीश जे आर शुक्ला बनता है ) ; रफ़ीक

इस किताब के 11 भाग हैं जिसमें यशपाल एक क्रांतिकारी के जीवन और उससे जुड़े अलग अलग लोगों के जीवन के बारे में लिखते हुए कहानी को बहुत ही आसानी से नदी की तरह पर्वत की ऊँचाइयों से नीचें समंदर तक का सफ़र तय कराते हैं। इस सफ़र के दौरान  एक नदी ( हरीश )कितनी सहायक नदियों से मिलता है और किस नदी पर अपनी कितनी छाप छोड़ता है इसकी कहानी है दादा कामरेड।

इस किताब के 11 भाग कुछ इस प्रकार हैं
१) दुविधा की रात
२) नए ढंग की लड़की
३) केंद्रीय सभा
४) मजदूर का घर
५) तीन रूप
६) मनुष्य
७) गृहस्थ
८) पहेली
९) सुलतान
१०) दादा
११) न्याय

दुविधा की रात - यशोधा का हरीश से मिलना ; उसे पनाह देना और यशोधा का यह बात उनके पति अमरनाथ से छिपाना क्योंकि उनकी अचनाक उठने से स्थिति ख़राब हो सकती थी, वे हड़बड़ा सकते थे और इस दौरन किसी को चोट लग सकती थी या उनके द्वार पर पुलिस आ सकती थी जो वहीं गश्त लगा रहे थे।

नए ढंग की लड़की - यशोधा के लिए दिल में क्रांतिकारियों के लिए इज़्ज़त का भाव आना और कहानी में शैल का आगमन होना जो पार्टी के लिए निरंतर काम कर रही है और हरीश से जिसकी अच्छी जान पहचान है।

केंद्रीय सभा - कानपुर सेंट्रल में दादा, बी.एम ,अली, जीवन इत्यादी क्रांतिकारियों की सभा जहाँ हरीश के ख़िलाफ़ बातें कही जाती हैं और उसकी विचारधारा से कोई भी इत्तेफ़ाक़ नहीं रखता है, ख़ासकर बी.एम। उसके ऊपर आरोप लगाए जाते हैं कि वो ख़ुद की ही एक अलग पार्टी बनाना चाहता है और उन लड़कियों को पार्टी के अन्य सदस्यों के ख़िलाफ़ भड़का रहा है जो पार्टी के लिए किसी भी तरह से योगदान देना चाहती हैं। अन्ततः उसका निष्कासन हो जाता है। 
 
मज़दूर का घर - हरीश सरदार बन कर लाहौर जाता है और अख़्तर से मिल कर उसे सही रास्ता दिखाता है और मज़दूर यूनियन बनाने का प्रस्ताव रखता है। यहाँ एक मज़दूर के जीवन में आई दुश्वारियों से लेखक अपने पाठकों की भेद कराते हैं और सिस्टम में ऊपर बैठे लोग कैसे उस सिस्टम का दुरुपयोग अपने फ़ायदे के लिए करते हैं यह भी देखने को मिलता है।

तीन रूप - शैल के घर क्रांतिकारी दादा और बी.एम का आगमन तथा हरीश को जान से मारने की धमकी जिस कारण उसे पुनः पनाह लेनी पड़ती है यशोदा के घर मगर इस बार वो जे आर शुक्ला बन कर उनके पति अमरनाथ से मिलता है और ख़ुद को एक इंजीनियरिंग कंपनी ( जिरेमि एंड जॉनसन) में कार्यरत कॉरपोरेट के रूप में पेश करता है मगर यशोधा उसे हरीश के नाम से ही संबोधित करती है। इसके बाद कहानी में रॉबर्ट और नैनसी का आगमन होता है जिसके घर शैल हरीश को मिराजकर के नाम से ले जाती है। 

मनुष्य - रॉबर्ट, शैल, नैनसी और मिराजकर मंसूरी चले जाते हैं जहां उनके मध्य वार्तालाप होती है और बहुत से मुद्दो पर वे अपनी राय रखते हैं जैसे कि समाज के गठन पर, व्यक्ति के मार्ग पर आने वाले भिन्न तरह के सामाजिक अत्याचार पर, किताब को पढ़ने के बाद मूल रूप से जीवन में आये परिवर्तन पर जैसे कि हिस्टोरिकल मटेरिअलिस्म और हेगल की किताब रिडल ऑफ दी यूनिवर्स पढ़ कर रोबर्ट के विचारों में क्या क्या परिवर्तन आये, शादी के महत्व पर और स्त्री की स्वतंत्रता पर। 

गृहस्थ - यशोदा और अमरनाथ के मध्य हरीश को लेकर एक द्वंद्व युद्ध छिड़ जाता है जहां कोई भी हथियार नीचे नहीं रखना चाहता। शक का बीच कैसे एक रिश्ते को जड़ से खोखला करता है यह देखने को मिलता है। 

पहेली - फ़्लोरा की रॉबर्ट के नाम एक चिट्ठी आती है और उसे लेकर फिर गम्भीर मुद्दों पर बातें होती हैं जैसे एक स्त्री कब अपने पार्टनर से बच्चे चाहती है। निर्दयता के म'आनी क्या हैं रॉबर्ट इसपर अपना विचार प्रकट करता नज़र आता है। मौजूदा समाज में गर्भ निवारण ( Birth Control ) का कितना महत्व है इसपे चर्चा होती है। अंततः मज़दूर यूनियन कैसे हड़ताल करें, उनकी क्या क्या माँगें हों और कैसे उसे व्यवस्थित तरीक़े से चलाया जाए इसपे बातें होती हैं। हरीश अब मिल के क्वार्टर में ही रहेगा यह निर्णय लिया जाता है।

सुलतान - हरीश सुलतान बन मज़दूरों के बीच रहता है। मिल के मज़दूरों और मिल के मालिकों के मध्य होने वाली बहस को बहुत जीवंत कर दिखाया है यशपाल ने। किस तरह की पॉलिटिक्स होती है और दोनों पक्षों के अंतर्मन में कैसी बातें चलती हैं यह देखने को मिलता है। 

दादा - दादा को आत्मग्लानि होती है और लूट का पैसा वो शैल को दे जाते हैं। 

न्याय - अंततः मज़दूर यूनियन की जीत होती है। हरीश को फाँसी की सज़ा होती है और शैल अपना सब कुछ छोड़ कॉमरेड बन चली जाती है दादा के साथ।

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts