रंगभूमि


सूरदास के अंत के साथ मन में असहनीय दर्द होता है, आँखों की रौशनी मद्धम पड़ जाती है, चेतना कम से कमतर होती जाती है और हाथों से रंगभूमि उपन्यास छूट कर ज़मीन पर आ गिरता है। सूरदास मर गया उफ़्फ़ !! सूरदास का जाना ऐसा था जैसे किसी धर्मात्मा के स्वर्ग जाने के पश्चात तपोस्थली का तेज़ ख़त्म हो जाना, किसी शिशु का अपनी माँ से अलग हो जाना और मन के मंदिर में प्रज्वलित होते दीये का बुझ जाना। 

सोचता हूँ कि प्रेमचंद ने कितने महान और सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण कर दिखाया रंगभूमि में। सूरदास निर्धन तो है लेकिन दरिद्रता का अंश मात्र उसे छू ना सका है, सूरदास की झोंपड़ी तो जला दी गयी लेकिन उसके हृदय में वास कर रहे प्रेम, करुणा और स्नेह उस आँच में तप कर भी भाप बन कर विलुप्त नहीं हुए। जॉन सेवक की गाड़ी के पीछे भागता हुआ भिखारी अचेतन अवस्था में ख़ुद को रोक नहीं पाता है। थकान के कारण उसकी साँसे तेज़ी से चलने लगती हैं और मिसेज सेवक द्वारा बोले गए कटु वचन से आहत मन रोता तो है मगर अशब्द नहीं बोलता बल्कि दुआ देता हुआ अपनी कुटिया की ओर चल देता है। कितनी सहनशीलता, कितना विशालकाय हृदय, ममता की मूरत और न्याय पसन्द व्यक्ति को रचा है प्रेमचंद ने। 

सूरदास के अंत के साथ इस उपन्यास को एक दिशा तो मिल गयी। हर कोई अपने अपने रास्ते चल पड़ा। लेकिन मैं वहीं का वहीं बैठा हुआ सोच रहा हूँ कि एक सूरदास का बलिदान क्या विनय के बलिदान से श्रेष्ठ था? क्या सोफ़िया का प्रेम जो अधूरा रह गया था उसका कोई मोल नहीं ? क्या इंदु का अपने पति महेंद्र के विरुद्ध जाना और सत्य का साथ देना सूरदास को बल नहीं देता ? सूरदास क्यों महान है और क्यों हिन्दी साहित्य में यह किरदार हमेशा अमर रहेगा इसका उत्तर इस उपन्यास में प्रेमचंद द्वारा लिखित इन पंक्तियों से मिलता है

" हाँ, वह साधु न था, महात्मा न था, देवता न था, फ़रिश्ता न था। एक क्षुद्र, शक्तिहीन प्राणी था, चिंताओं और बाधाओं से घिरा हुआ, जिसमें अवगुण भी थे और गुण भी। गुण कम थे, अवगुण बहुत। क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ये सभी दुर्गुण उसके चरित्र में भरे हुए थे, गुण केवल एक था, किन्तु ये सभी दुर्गुण उस गुण के संपर्क से नमक की खान में जाकर नमक हो जानेवाली वस्तुओं की भाँती, देवगुणों का रूप धारण कर लेते थे - क्रोध सत्क्रोध हो जाता था, लोभ सदानुराग, मोह सदुत्साह के रूप में प्रकट होता था और अहंकार आत्मभिमान के वेश में ! और वो गुण क्या था ? न्याय प्रेम, सत्यभक्ति, परोपकार, दर्द या उसका जो नाम चाहे, रख लीजिए। अन्याय देखकर उससे न रहा जाता था, अनीति उसके लिए असह्य थी।  "

रंगभूमि सिर्फ़ सूरदास के जीवन यात्रा पर प्रकाश डालने वाला उपन्यास नहीं है बल्कि सामाजिक परिप्रेक्ष्य से देखा जाए तो न्यायप्रधानता पर ज़ोर देता, सामाजिक और आर्थिक असमानतों पर प्रकाश डालता, सरकारी प्रणाली में मौजूद भ्रष्टाचार के विरुद्ध बात करता, पूंजीवाद द्वारा ग़रीबों का शोषण करना अंततः हमारे देश की जाति, धार्मिक और सांस्कृतिक व्यवस्था पर तंच कसता एक ऐसा दीया है जिसका तेज़ बीते वक़्त के साथ बढ़ता ही जायेगा। 

सूरदास ने कभी अपना पराया न देखा। मृत्युशय्या पर भी अपनों का मोह उसे लेश मात्र न छू सका न अपने जीवन व्रत से डगमगा पाया। जॉन सेवक से मिठुआ की करतूतों का ज़िक्र करना उसे इंसानों की श्रेणी से उठा कर महान आत्माओं की श्रेणी में लाकर स्थापित कर देती है। सूरदास कभी भी परिस्थितियों का दास नहीं बना बल्कि उन्हें अपना दास बनाया। 

/ तरुण पाण्डेय

Comments

Popular Posts