काली आँधी
काली आँधी किताब के बारे में लिखना शुरू करूँ तो भावनाओं के सैलाब में गोते लगाते हुए दिमाग़ पर से नियंत्रण खो बैठूं। क्या क्या अपनी डायरी में अंकित करूँ समझ नहीं आता है? कहने को एक लघुकथा है - दो किरदारों के इर्दगिर्द लिखी गयी एक कहानी है जिसमें दर्द है, सहानुभूति है, आत्मसम्मान है, बलिदान है, सहनशीलता है, कर्तव्यनिष्ठा है, पश्चाताप है लेकिन इन सब से भी बढ़ कर कोई चीज़ है तो वो है आयरन लेडी मालती और साक्षात विन्रमता के पर्याय कहे जाने वाले, अल्पभाषी और मधुर वाणी से सबके दिलों पर राज करने वाले जग्गी बाबू। बस इन्हीं दोनों की कहानी है काली आँधी।
जग्गी और मालती कमलेश्वर द्वारा रचित उपन्यास काली आँधी के ऐसे सशक्त किरदार हैं जिन्होंने उदासी का चोंगा न ओढ़ते हुए धैर्य, हिम्मत और साहस का अनूठा उदाहरण पेश किया। उनके जीवन में सिर्फ़ और सिर्फ़ अंधेरा था, आशाएँ विलुप्त हो चुकीं थीं लेकिन उस अंधेरे को काट कर मालती निरंतर कामयाबी की सीढ़ी चढ़ती जा रही थी और दूसरी तरफ़ जग्गी अपने बचपन के प्यार को खोने के बाद, अपने खजुराहो के होटल में ताला लगा देने के बाद कितनी सहजता से मुस्कुराते हुए भोपाल के गोल्डन सन नामक होटल में मैनेजर के पद पर स्थापित हो चुका था।
काली आँधी पढ़ कर लगता है कि लोग सिर्फ़ धन और वैभव की लालसा लिए दांपत्य जीवन से नहीं जुड़ते थे। वे एक दूसरे के लिए सहायक की भूमिका निभाते थे और अलग हो जाने के बाद भी उनकी ख़ुशी और बेहतरी की दुआ करते थे। सफ़लता की सीढ़ी चढ़ते हुए कब और कैसे मालती अपने ही लोगों से अलग हो गई उसे पता न लगा और किस तरह जग्गी अपना सब कुछ छोड़ कर अपनी बेटी लिली के साथ ख़ुशी से रह रहे थे कि अचानक बारह साल बाद उनकी भेंट होती है मालती से भोपाल में।
एक आँधी के कारण उनका दांपत्य जीवन तहस नहस हो गया था और अचनाक बारह साल बाद उनके जीवन में आयी कुछ राजनीतिक गतिविधियों के कारण एक आँधी आने वाली थी।
/ तरुण पाण्डेय


Comments
Post a Comment